आश्रम के बाहर खड़ा नीम का पेड़ हुआ धराशायी
- सड़क पर गिरे नीम के पेड़ के नीचे दबी दो दुकानें और स्कूटी, मार्ग अवरुद्ध आश्रम के बाहर खड़ा नीम का पेड़ हुआ धराशायी

कनखल क्षेत्र में शुक्रवार सुबह करीब दस बजे आनंदमयी आश्रम के बाहर सड़क किनारे खड़ा एक पुराना नीम का पेड़ अचानक गिर पड़ा। पेड़ की चपेट में आकर दो अस्थायी दुकानें और एक स्कूटी क्षतिग्रस्त हो गईं, जिससे दुकानदारों को नुकसान उठाना पड़ा। शुक्रवार को पेड़ गिरने से मार्ग भी पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। अचानक हुए हादसे की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। तुरंत ही फायरकर्मी पेड़ को काटकर हटाने में जुट गए, ताकि रास्ता जल्द से जल्द खोला जा सके। मौके पर कनखल थाने की पुलिस टीम भी पहुंच गई और यातायात को नियंत्रित किया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पेड़ काफी पुराना और विशाल था, जो अचानक भरभराकर गिर गया। पेड़ के नीचे दो दुकानें और एक स्कूटी दब गईं, जिससे स्थानीय दुकानदारों को नुकसान हुआ। मौके पर अफरा तफरी भी मच गई। हालांकि गनीमत रही कि घटना के समय वहां ज्यादा भीड़ नहीं थी, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। यह क्षेत्र यात्री बाहुल्य माना जाता है और यहां दिनभर बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं व स्थानीय लोगों की आवाजाही बनी रहती है। कई बड़े वाहन भी इसी मार्ग से गुजरते हैं। गनीमत रही कि हादसे के वक्त भीड़ नहीं थी और ऐसे में एक बड़ा हादसा टल गया। दो अस्थाई दुकानें, एक फूल की दुकान और एक माला चूड़ी की दुकान दब गई। साथ ही एक स्कूटी भी क्षतिग्रस्त हुई हैं। वहीं पेड़ गिरने से कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और दोनों ओर जाम लग गया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम ने पेड़ को काटकर हटाया और मार्ग को दोबारा सुचारू कराया। इसके बाद वाहनों की आवाजाही को सुचारू किया। सीएफओ वंश बहादुर यादव ने बताया कि पेड़ गिरने की सूचना मिलते फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और पेड़ को काटकर सड़क से हटाया गया। प्रारंभिक जांच में आमने आया कि नीम का पेड़ काफी पुराना था। हादसे की जांच की जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


