अधिकारी बोले हरिद्वार में एलपीजी की कोई कमी नहीं, लेकिन लोगों को मिल नही रही
जिला पूर्ति अधिकारी मुकेश पाल ने बताया कि हरिद्वार में रसोई गैस की कोई कमी नहीं है। गैस का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है, लेकिन वितरण में देरी हो रही है। उपभोक्ताओं को सलाह दी गई है कि केवल आवश्यकता पर ही गैस सिलेंडर बुक करें। शिकायत के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं।

जिला पूर्ति अधिकारी मुकेश पाल ने जनपद में रसोई गैस की कमी को लेकर फैल रही खबरों को भ्रामक बताया है। उन्होंने कहा कि हरिद्वार में एलपीजी गैस का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। गैस एजेंसियों के माध्यम से वितरण व्यवस्था सामान्य और सुचारु रूप से संचालित की जा रही है। हालांकि, लोगों को हरिद्वार में दो दिन बाद ही गैस मिल रही है। बुकिंग करने में घंटों का समय लग रहा है। सर्वेर ठप हो रहा है। जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि उपभोक्ताओं को नियमानुसार 25 दिन बाद ही गैस सिलेंडर की डिलीवरी दी जाती है। ऐसे में उपभोक्ता अनावश्यक रूप से बुकिंग न करें।
केवल आवश्यकता होने पर ही गैस सिलेंडर बुक करें ताकि वितरण व्यवस्था प्रभावित न हो। उन्होंने बताया कि प्रशासन गैस एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर एलपीजी की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रख रहा है ताकि हर उपभोक्ता को समय पर गैस उपलब्ध कराई जा सके। इधर, जिला पूर्ति अधिकारी ने उपभोक्ताओं से अपील की कि गैस आपूर्ति से जुड़ी किसी भी जानकारी के लिए केवल अधिकृत सरकारी सूचना या संबंधित गैस कंपनियों के आधिकारिक पोर्टल पर ही भरोसा करें और अफवाहों से बचें।शिकायत के लिए नंबर जारीगैस आपूर्ति से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या या शिकायत के लिए उपभोक्ता टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1800-2333-555 और 7718955555 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा संबंधित गैस कंपनियों के शिकायत अधिकारी से भी संपर्क किया जा सकता है। इंडियन ऑयल के लिए 9557947140, हिंदुस्तान पेट्रोलियम के लिए 8655436284 और भारत पेट्रोलियम के लिए 8894334950 नंबर जारी किया गया है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


