Haridwar News: शांतरशाह बाइक मिस्त्री की गोली मार कर हत्या में केस दर्ज, बदमाशों की तलाश जारी
Haridwar News: बहादराबाद कोतवाली क्षेत्र में सोमवार रात बाइक की दुकान पर दो नकाबपोशों ने 28 वर्षीय दुकानदार हैप्पी की हत्या कर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर हमलावरों की तलाश शुरू की है। सीसीटीवी फुटेज में हमलावर फायरिंग करते हुए भागते हुए दिख रहे हैं। परिवार में मातम छा गया है।

Haridwar News: बहादराबाद कोतवाली क्षेत्र के शांतरशाह में सोमवार रात बाइक की दुकान में घुसकर दो अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने 28 वर्षीय दुकानदार की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद दोनों हमलावर मौके से फरार हो गए। हत्या से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मामले में मंगलवार को मृतक के भाई ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, मृतक के भाई कपिल पुत्र स्व राजकुमार निवासी ग्राम शांतरशाह ने शिकायत पत्र देकर बताया कि उसका भाई हैप्पी पतंजलि रोड पर देव धर्म कांटा, शांतरशाह में साई बाइक नाम से दुकान चलाता था। सोमवार रात को हैप्पी दुकान पर बैठा था। इसी दौरान दो अज्ञात बदमाश तमंचा लेकर दुकान में घुसे और भाई को गोली मार दी। गोली लगने से हैप्पी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए।
पुलिस की प्रतिक्रिया
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई। साथ ही शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजने की कार्रवाई की गई। वहीं एसएचओ अमरजीत सिंह ने बताया कि हमलावरों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच चल रही है। मृतक के भाई की शिकायत पर दोनों अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी है।
बदमाशों का सीसीटीवी वायरल
मंगलवार को दोनों बदमाशों का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वायरल वीडियो में दोनों नकाबपोश बदमाश फायरिंग करते हुए सड़क पर पैदल भाग रहे हैं। इस दौरान बदमाश पास कि एक कॉलोनी में घुसते दिखाई दिए। रात में अंधेरे का फायदा उठाते हुए कॉलोनी से बदमाश जंगल की तरफ भाग गए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की पुष्टि की है।
परिवार का परिचय
हरिद्वार। मृतक हैप्पी पांच भाई बहनों में सबसे छोटा था। घर में दो भाई और तीन बहनें है। पिता की पूर्व में मृत्यु हो चुकी है। हैप्पी ने 10 वीं कक्षा तक पढ़ाई की थी। पढ़ाई छोड़ने के बाद उसने बाइक मिस्त्री का काम शुरू कर दिया। परिजनों के अनुसार हैप्पी की हत्या क्यों हुई इसकी कोई जानकारी नहीं है।
फायरिंग के विवरण
315 बोर के देसी कट्टे से फायरिंग हुई
हरिद्वार। पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों बदमाशों ने देसी कट्टों से मृतक पर फायरिंग की। मैकेनिक को बदमाशों ने दो गोली मारी। मौके से पुलिस को 315 बोर के दो खोखे बरामद हुए हैं।बाइक मैकेनिक की छाती और पीठ में गोली लगने से मौत हुई।
परिवार में गम का माहौल
हरिद्वार। मृतक हैप्पी के घर में परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया है। घर में मातम पसरा हुआ है। गांव में 28 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या के बाद ग्रामीण भी गम में डूबे हुए हैं। मंगलवार को गांव में हत्याकांड को लेकर चर्चा होती रही।


