यमुनोत्री धाम के लिए वैकल्पिक पैदल मार्ग चालू
वैकल्पिक मार्ग से यमुनोत्री धाम के दर्शन को पहुंच रहे यात्री जिससे अब इस रूट से यात्री बड़ी संख्या में यमुनोत्री धाम के दर्शन को पहुंच रहे हैं। इसके...
यमुनोत्री धाम के लिए वन विभाग ने वैकल्पिक पैदल मार्ग पर आवाजाही शुरू कर दी है। जिससे अब इस रूट से यात्री बड़ी संख्या में यमुनोत्री धाम के दर्शन को पहुंच रहे हैं। इसके साथ ही नीचे उतरते वक्त यमुनोत्री धाम से भंडेली गाड पहुंच रहे हैं। इससे यमुनोत्री पैदल मार्ग पर जाम की समस्या कम हुई है, जिससे यात्रियों को सुविधा हो रही है।
आपको बता दें कि जानचकीचट्टी से यमुनोत्री धाम के लिए पांच किमी का पैदल मार्ग है, जिससे होकर देश विदेश के श्रद्धालु घोड़े खच्चरों और डंडी कंडियों से धाम के दर्शन को पहुंचते हैं। इस यात्रा मार्ग पर धाम को आने व जाने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ने से यात्रियों को जाम की समस्या से जूझना पड़ता था। पैदल मार्ग पर लोग घंटों खड़े रहकर यमुनोत्री धाम को पहुंचते हैं। लेकिन अब वैकल्पिक मार्ग के चालू होने से यात्री यमुनोत्री से सीधे भंडेली गाड पहुंच रहे हैं। वन विभाग ने साढ़े पांच लाख की धनराशि से इस यात्रा मार्ग को ठीक किया। डीएफओ सुबोध काला ने बताया कि वैकल्पिक मार्ग चालू होते ही सैकड़ों की संख्या में यात्री इस रूट से आ जा रहे हैं।