ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तराखंड हरिद्वारशहर की जनता को धोखा दे रही हैं मेयर : अनिरुद्ध भाटी

शहर की जनता को धोखा दे रही हैं मेयर : अनिरुद्ध भाटी

ज्वालापुर में कूड़ा उठाने को लेकर हुए हंगामे पर भाजपा मेयर और उनके पति पर हमलावर हो गई है। भाजपा पार्षद अनिरुद्ध भाटी ने कहा कि नगर निगम में अव्यवस्था और अराजकता का माहौल...

शहर की जनता को धोखा दे रही हैं मेयर : अनिरुद्ध भाटी
हिन्दुस्तान टीम,हरिद्वारSun, 16 Jun 2019 11:46 PM
ऐप पर पढ़ें

ज्वालापुर में कूड़ा उठाने को लेकर हुए हंगामे पर भाजपा मेयर और उनके पति पर हमलावर हो गई है। भाजपा पार्षद अनिरुद्ध भाटी ने कहा कि नगर निगम में अव्यवस्था और अराजकता का माहौल है। मेयर अपने पति के दबाव में राजनीतिक लाभ के लिए शहर को रसातल की ओर लेकर जा रही हैं। उन्होंने कहा कि मेयर शहर की जनता के साथ धोखा कर रही हैं।

रविवार को पत्रकारों से बातचीत में भाजपा पार्षद अनिरुद्ध भाटी ने कहा कि मेयर अपने निजी वाहनों से सफाई करवा रही हैं। उन्होंने कहा कि वे मेयर हैं और अब उनका जीवन सार्वजनिक है, लेकिन मेयर निजी वाहनों से सफाई करवा कर सुर्खियां बटोर रही हैं। जबकि उनको नगर निगम के संसाधनों से सफाई करानी चाहिए। भाटी ने कहा कि मेयर नगर निगम की व्यवस्थाओं को संभालने में नाकाम साबित हुई हैं। कहा कि केआरएल को हटाने के लिए शासन स्तर पर कार्रवाई के लिए भाजपा पार्षद दल शहरी विकास मंत्री से मिलेगा।

वहीं आर्यनगर की पार्षद सपना शर्मा ने मेयर के पति पर अभद्रता का आरोप लगाया। सपना ने कहा कि मेयर पति नगर निगम के किसी संवैधानिक पद पर नहीं बैठे हैं। ऐसे में उनको निजी वाहनों से कूड़ा उठाने का अधिकार किसने दिया? उन्होंने कहा कि वे अपने वार्ड की पार्षद है और स्थानीय समस्याओं का निराकरण उनकी जिम्मेदारी है। सपना ने कहा कि उन्होंने नगर निगम के कूड़ा वाहन मंगवाएं थे। लेकिन मेयर पति कूड़ा उठाने पर अड़ गए। सपना का दावा है कि धक्कामुक्की और हाथापाई कांग्रेस पार्षदों और उनके समर्थकों ने की थी। खन्ना नगर की पार्षद मोनिका सैनी ने कहा कि वे मेयर का सम्मान करती हैं, लेकिन नगर निगम की कार्यप्रणाली में मेयर पति के हस्तक्षेप का पुरजोर विरोध किया जाएगा। वार्ता के दौरान पार्षद पिंकी चौधरी, सुनील अग्रवाल गुड्डू, प्रशांत सैनी, नितिन शर्मा माना, विनीत जौली आदि पार्षद मौजूद रहे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें