लघु व्यापारी बोले- मनसा देवी प्राचीन सीढ़ी मार्ग खोला जाए

Newswrap हिन्दुस्तान, हरिद्वार
share

स्थानीय व्यापारियों ने मां मनसा देवी प्राचीन सीढ़ी मार्ग को खोलने और व्यापार संचालन की अनुमति देने के लिए बैठक की। व्यापार एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय चोपड़ा ने कहा कि पिछले साल हुई दुर्घटना के बाद से मार्ग बंद है और जांच रिपोर्ट अब तक नहीं आई है। व्यापारियों ने ईको विकास समिति के गठन की मांग की है।

लघु व्यापारी बोले- मनसा देवी प्राचीन सीढ़ी मार्ग खोला जाए

मां मनसा देवी प्राचीन सीढ़ी मार्ग को खोले जाने और पैदल मार्ग पर स्थानीय व्यापारियों को पुनः व्यापार संचालन की अनुमति देने की मांग के लिए लघु व्यापारियों ने बैठक कर आवाज बुलंद की। गंगा वाटिका में आयोजित बैठक में व्यापारियों ने राज्य सरकार से ईको विकास समिति गठन की मांग दोहराई। लघु व्यापार एसोसिएशन के प्रांतीय अध्यक्ष संजय चोपड़ा ने कहा कि 27 जुलाई 2025 को हुई दुर्घटना के बाद से राजाजी नेशनल पार्क प्रशासन ने मनसा देवी प्राचीन सीढ़ी मार्ग को बंद कर रखा है। करीब दस माह बीतने के बाद भी दुर्घटना की जांच रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की गई, जो गंभीर लापरवाही दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान मनसा देवी और चंडी देवी में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में तीर्थ यात्रियों की सुविधा के साथ-साथ स्थानीय व्यापारियों को भी रोजगार का अवसर मिलना जरूरी है। उन्होंने मांग की कि उत्तराखंड के अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों की तर्ज पर यहां भी ईको विकास समिति का गठन कर व्यापार संचालन की अनुमति दी जाए। व्यापारियों ने कहा कि नीलकंठ, पूर्णागिरि, गिरजा देवी, बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री और कुंजापुरी जैसे स्थलों की तरह यहां भी व्यवस्थित ढंग से व्यापार संचालित कराया जा सकता है, जिससे स्वच्छता और व्यवस्था दोनों बनी रहे। बैठक का संचालन जिला अध्यक्ष राजकुमार ने किया। इस दौरान कमल प्रताप चौहान, दयानंद, शशिकांत गोस्वामी, नीरज कुमार समेत कई व्यापारी मौजूद रहे।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।