जमीन सौदे में लाखों की धोखाधड़ी में पांच पर मुकदमा
हरिद्वार में एक जमीन विवाद का मामला सामने आया है जहां आरोप है कि रजिस्ट्री न कराने के बावजूद आरोपी ने पीड़ित की जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया। 2019 में भूमि बेचने का अनुबंध हुआ था, लेकिन रजिस्ट्री नहीं हुई। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

हरिद्वार, संवाददाता। जमीन के सौदे में लाखों रुपये लेने के बावजूद रजिस्ट्री न कराने और बाद में विवादित भूमि पर कब्जा करने के प्रयास का मामला सामने आया है। कोर्ट के आदेश के बाद ज्वालापुर कोतवाली पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। श्यामपुर के नौआबाद निवासी अमित कुमार ने न्यायालय में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वर्ष 2019 में रायवाला निवासी रितिक राज ने कांगड़ी स्थित अपने भूखंड के एक हिस्से को बेचने का प्रस्ताव दिया था। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच 7 जनवरी 2019 को पंजीकृत विक्रय अनुबंध हुआ, जिसमें पीड़ित ने पांच लाख रुपये बतौर बयाना दिए थे।
अनुबंध के अनुसार 15 जून 2019 तक रजिस्ट्री होनी थी, लेकिन आरोप है कि आरोपी ने अलग-अलग कारण बताकर रजिस्ट्री टाल दी। पीड़ित का आरोप है कि बाद में एक लाख रुपये और लेने के बावजूद भी विक्रय पत्र निष्पादित नहीं किया गया। मामला सिविल न्यायालय पहुंचा, जहां 30 जनवरी 2024 को उनके पक्ष में एकपक्षीय आदेश पारित किया गया। आरोप है कि इसके बावजूद 27 अप्रैल 2026 को रितिक राज की मां अर्चना कुछ लोगों के साथ मौके पर पहुंचीं और विवाद किया। वहीं 4 मई को रितिक राज, अर्चना, अलकित पाल, विजय पाल और ऋषिराज ने मौके पर पहुंचकर मारपीट करते हुए जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया। आरोप यह भी है कि विवादित भूमि का हिस्सा होने के बावजूद उसे अधिक क्षेत्रफल दिखाकर 4 मई 2026 को अलकित पाल के नाम रजिस्ट्री करा दी गई। कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


