हरिद्वार में वीकेंड पर उमड़े श्रद्धालु, सड़कों पर वाहनों की कतार
Apr 05, 2026 04:48 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, हरिद्वार
हरिद्वार में रविवार को श्रद्धालुओं और पर्यटकों की बड़ी भीड़ उमड़ी, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई। हरकी पैड़ी गंगा घाट के पास पार्किंग भर गई और हरिद्वार-ऋषिकेश हाईवे पर लंबा जाम लगा। ट्रैफिक पुलिस ने स्थिति को सामान्य करने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ के कारण समस्याएं बढ़ गईं।
हरिद्वार में रविवार को श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भीड़ उमड़ने से यातायात व्यवस्था चरमरा गई। सुबह से बड़ी संख्या में लोग गंगा स्नान के साथ धर्मस्थलों के दर्शन के लिए पहुंचने लगे थे। इस कारण मुख्य मार्गों पर वाहनों का दबाव रहा। रविवार को हरिद्वार-ऋषिकेश हाईवे पर वीआईपी घाट के पास वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम लगने से कई जगह वाहन रेंगते नजर आए। यात्रियों को लंबे समय तक जाम में फंसे रहना पड़ा। चंडीघाट चौक से वाल्मीकि चौक की ओर जाने वाले रास्ते पर भी यातायात का दबाव देखने को मिला। इसका असर पार्किंग स्थलों पर भी दिखा। हरकी पैड़ी गंगा घाट के पास पंडित दीनदयाल पार्किंग पूरी तरह भर गई। रोड़ी बेलवाला मैदान की पार्किंग में भी वाहनों का जमावड़ा रहा। इससे लोगों को पार्किंग के लिए मशक्कत करनी पड़ी। इतना ही नहीं रोड़ी बेलवाला पुलिस चौकी के निकट बनी वाहन पार्किंग जिस पर इक्का-दुक्का वाहन ही खड़े दिखायी देते हैं। रविवार को यह पार्किंग भी वाहनों से खचाखच दिखी। हर स्थान पर यातायात पुलिस और सीपीयू तैनात दिखी। सीपीयू प्रभारी हितेश ने बताया कि भीड़ के कारण हालात सामान्य करने में समय लगा।
संकरी सड़क ने बढ़ाई परेशानी
सीओ ट्रैफिक बिपेंद्र सिंह ने बताया कि तीन दिन के लगातार अवकाश के कारण वाहनों का दबाव हाईवे पर बड़ा है। इससे यातायात व्यवस्था बनाने में परेशानी हुई है। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने यातायात व्यवस्था को सुचारु करने के लिए लगातार प्रयास किए। इससे यातायात धीमा चला। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे सफर के दौरान यातायात नियमों का पालन करें। केवल तय पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें।
लेखक के बारे में
Hindustanहिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


