Haridwar News: नगर निगम ने दोबारा शुरू की बंदर पकड़ने की तैयारी
Haridwar News: हरिद्वार में लावारिस पशुओं और बंदरों की समस्या को लेकर नगर निगम ने कार्रवाई की है। कांवड़ मेले के दौरान बंदर पकड़ने वाली टीम को दोबारा बुलाया गया है। नए गौशाला के संचालन के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है, जिससे बेसहारा पशुओं को पकड़ने और उनकी देखभाल में मदद मिलेगी।

Haridwar News: हरिद्वार। शहर में लावारिस पशुओं और बंदरों की बढ़ती समस्या को लेकर प्रकाशित खबर का असर हुआ है। नगर निगम ने कांवड़ मेले के दौरान वापस भेजी गई बंदर पकड़ने वाली टीम को दोबारा हरिद्वार बुला लिया है। टीम अब शहर में अभियान चलाकर बंदरों को पकड़ेगी। वहीं, सराय क्षेत्र में तैयार गौशाला के संचालन के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। निगम के अनुसार जल्द ही गौशाला शुरू कर दी जाएगी। शहर के बाजारों, सड़कों और आबादी वाले क्षेत्रों में लावारिस पशुओं की मौजूदगी से यातायात और लोगों की आवाजाही प्रभावित होती है। वहीं, कई इलाकों में बंदरों के झुंड भी लोगों के लिए परेशानी बने हुए हैं। गौशाला का संचालन नहीं होने से पकड़े गए पशुओं को सुरक्षित रखने की व्यवस्था नहीं थी। अब गौशाला शुरू होने के बाद बेसहारा पशुओं को पकड़कर वहां रखने की सुविधा मिल सकेगी。
चुनौती
एक वाहन से अभियान चलाने की चुनौती नगर निगम के पास लावारिस पशुओं को पकड़ने के लिए फिलहाल एक ही वाहन है। शहर के बड़े क्षेत्र में लगातार अभियान चलाने के लिए एक वाहन पर्याप्त नहीं माना जा रहा है। गौशाला शुरू होने के साथ पशु पकड़ने वाले वाहनों की संख्या बढ़ाने की जरूरत भी बनी हुई है, ताकि अलग-अलग क्षेत्रों में अभियान तेज किया जा सके। नगर आयुक्त नंदन कुमार ने बताया कि कांवड़ मेले के दौरान वापस भेजी गई बंदर पकड़ने वाली टीम को दोबारा हरिद्वार बुला लिया गया है। टीम बंदरों को पकड़ने का अभियान चलाएगी। उन्होंने बताया कि गौशाला के संचालन के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और जल्द ही इसका संचालन शुरू कर दिया जाएगा। गौशाला शुरू होने से नगर निगम को पकड़े गए बेसहारा पशुओं को सुरक्षित रखने की सुविधा मिलेगी। इससे पशुओं को आबादी से दूर छोड़ने की समस्या कम होने और उनके भोजन-पानी की व्यवस्था सुनिश्चित होने की उम्मीद है।


