
शारदीय कांवड़ मेला: 5 फरवरी से हाईवे पर भारी वाहनों की नो-एंट्री
हरिद्वार पुलिस ने शारदीय कांवड़ मेला और महाशिवरात्रि के लिए ट्रैफिक प्लान जारी किया है। 5 फरवरी से 15 फरवरी तक हरिद्वार-नजीबाबाद मार्ग पर भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। हरकी पैड़ी क्षेत्र जीरो ट्रैफिक जोन घोषित किया गया है और विशेष चेकिंग की जाएगी। श्रद्धालुओं से ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील की गई है।
शारदीय कांवड़ मेला और महाशिवरात्रि को लेकर हरिद्वार पुलिस ने ट्रैफिक प्लान जारी कर दिया है। एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि पांच फरवरी की सुबह 8 बजे से 15 फरवरी की रात 12 बजे तक विशेष ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा। इस दौरान हरिद्वार-नजीबाबाद मार्ग पर भारी वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। एसएसपी के अनुसार, कांवड़ मेले में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देख यह कदम उठाया गया है। सिडकुल, देहरादून और ऋषिकेश की ओर से बिजनौर, मुरादाबाद और नैनीताल जाने वाले भारी वाहन अब हरिद्वार की बजाय रुड़की-मुजफ्फरनगर मार्ग से अपने गंतव्य तक जाएंगे। उनकी वापसी भी इसी मार्ग से होगी।
हालांकि, खाद्य सामग्री, पेट्रोलियम, गैस और मेडिकल सप्लाई वाले वाहन रात 11 बजे से सुबह 4 बजे तक आवागमन कर सकेंगे। पुलिस-प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे ट्रैफिक प्लान का पालन करें। रोडवेज बसों के लिए अलग रूट देहरादून, ऋषिकेश और हरिद्वार से बिजनौर, मुरादाबाद और नैनीताल जाने वाली बसें लाडपुर से नहर पटरी मार्ग का प्रयोग करेंगी। वापसी में बिजनौर-गंगा बैराज-मुजफ्फरनगर होकर हरिद्वार पहुंचेंगी। कोटद्वार से हरिद्वार आने वाली निजी बसों का मार्ग यथावत रहेगा। हरकी पैड़ी क्षेत्र में जीरो ट्रैफिक जोन घोषित यातायात दबाव को देखते हुए यह क्षेत्र जीरो ट्रैफिक जोन घोषित किया गया है। पोस्ट ऑफिस तिराहे से हरकी पैड़ी और भीमगोड़ा बैरियर से हरकी पैड़ी तक वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। शिवमूर्ति चौक से देवपुरा चौक तक वन-वे व्यवस्था शिवमूर्ति चौक से देवपुरा चौक तक वन-वे व्यवस्था लागू रहेगी। ऑटो, विक्रम और ई-रिक्शा के लिए भी अलग डायवर्जन प्लान जारी किया गया है। यातायात दबाव बढ़ने पर चंडी चौक, शिवमूर्ति चौक, तुलसी चौक और बिल्केश्वर तिराहे से इन वाहनों का संचालन पूरी तरह बंद किया जा सकता है। चंडीघाट पुल पर पुलिस की सघन चेकिंग श्यामपुर। शारदीय कांवड़ मेले के मद्देनजर सुरक्षा और शांति बनाए रखने के उद्देश्य से मंगलवार को श्यामपुर थाना क्षेत्र के चंडीघाट पुल पर पुलिस ने सघन चेकिंग की। दोपहिया और चारपहिया वाहनों की गहन जांच की गई। संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी गई। चंडीघाट पुल और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया। सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने स्वयं मौके पर जाकर निगरानी की। इस मौके पर थानाध्यक्ष श्यामपुर मनोज शर्मा, चौकी चंडीघाट प्रभारी नवीन चौहान भी मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




