मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने की तैयारी तेज
हरिद्वार जिला प्रशासन ने मतदाता सूची को पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के लिए एसआईआर 2026 के तहत तैयारियों को तेज कर दिया है। बीएचईएल कन्वेंशन हॉल में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में बूथ लेवल अधिकारियों और राजनीतिक दलों के एजेंटों को नए मतदाताओं के पंजीकरण, त्रुटि सुधार और नाम हटाने की जानकारी दी गई।

हरिद्वार, संवाददाता। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) 2026 के तहत मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी, शुद्ध और त्रुटिरहित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को बीएचईएल कन्वेंशन हॉल में 25-हरिद्वार विधानसभा क्षेत्र के बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ), बूथ लेवल सुपरवाइजर और विभिन्न राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में नए मतदाताओं के पंजीकरण, मृत एवं स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने, मतदाता सूची में त्रुटि सुधार और निर्धारित प्रपत्रों की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने प्रतिभागियों को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पुनरीक्षण कार्य संपन्न करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता ईआरओ एवं उप जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार ने की। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ पालन किया जाए, ताकि मतदाता सूची पूरी तरह शुद्ध और विश्वसनीय बन सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुनरीक्षण कार्य में लापरवाही या त्रुटि की कोई गुंजाइश नहीं होनी चाहिए।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


