चारधाम यात्रा से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग अलर्ट, बस अड्डे और पीठ बाजार से 33 सैंपलों की जांच की

Newswrap हिन्दुस्तान, हरिद्वार
share

चारधाम यात्रा से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग ने हरिद्वार में खाद्य सामग्री की जांच शुरू की। रोडवेज अड्डे और पीठ बाजार से 33 सैंपल लिए गए, जिनमें पानी, सोडा और मिर्च-मसाले शामिल हैं। मोबाइल टेस्टिंग लैब भी लगाई गई है। लोकल मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स की जांच के लिए अभियान भी शुरू किया जाएगा।

चारधाम यात्रा से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग अलर्ट, बस अड्डे और पीठ बाजार से 33 सैंपलों की जांच की

चारधाम यात्रा से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग सक्रिय दिख रहा है। गुरुवार को हरिद्वार में रोडवेज अड्डे के आसपास और सेक्टर चार स्थित पीठ बाजार से खाद्य सामग्री बेचने वाली दुकानों पर विभाग की टीम ने जांच की। विशेष तौर पर पानी की बोतलों, कोल ड्रिंक, तेल और मिर्च-मसालों के 33 सैंपल लिए गए। हरिद्वार बस अड्डे के पास से पानी के पांच, सोडा वाटर और रिफाइंड का एक-एक सैंपल लिया गया। जबकि पीठ बाजार में बिकने वाले मिर्च मसालों के 26 सैंपल लिए गए। इनमे से पानी के तीन सैंपल जांच के लिए रुद्रपुर स्थित फूड टेस्टिंग लैब भेजे गए।

हरिद्वार बस अड्डे के आसपास बिकने वाले खाद्य पदार्थो की जांच के लिए मोबाइल टेस्टिंग लैब भी लगाई गई है। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी एमएन जोशी ने बताया कि जांच के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग को लोकल मैन्युफैक्चरिंग यूनिट द्वारा तैयार की गए पानी की बोतल सब स्टैंडर्ड और मिस ब्रांडिंग की भी मिली। इन सभी पानी की फैक्ट्रियों को नोटिस दिया जा रहा है। लैब भेजे गए सैंपल फेल होने पर मुकदमा किया जाएगा। इस दौरान वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन, एफएसओ नगर निगम कैलाश चंद टम्टा, एजीएम विशाल चंद्रा, खाद्य विश्लेषक रमेश जोशी शामिल रहे।---------चारधाम यात्रा मार्ग पर मोबाइल टेस्टिंग लैब तैनात रहेगीचारधाम यात्रा की शुरुआत होने वाली है। ऐसे में मिलावटखोर सक्रिय हो जाते हैं। खाद्य पदार्थों से यात्रियों की सेहत खराब न हो इसके लिए विभाग अभी से ही अलर्ट हो गया है। चारधाम यात्रा का प्रवेश द्वार माने जाने वाले हरिद्वार शहर से खाद्य पदार्थों की मौके पर जांच की तैयारी की गई है। इसके लिए हरिद्वार में मोबाइल टेस्टिंग लैब से खाद्य पदार्थों की जांच की गई। इस दौरान एजीएम रोडवेज विशाल चंद्रा और हरिद्वार नगर निगम के एफएसओ कैलाश चंद टम्टा भी मौजूद रहे। टीम में शामिल उपायुक्त लैब बीएस बिष्ट ने बताया कि लैब में खाद्य पदार्थो की प्राथमिक गुणवत्ता का पता चल जाता है और संदिग्ध वस्तुओं के सैंपल जांच के लिए रुद्रपुर लैब भेजे जाते हैं। बताया कि हरिद्वार से चारधाम यात्रा मार्ग पर मोबाइल टेस्टिंग लैब से खाद्य पदार्थों की जांच शुरू कर दी गई है।--------लोकल मैन्युफैक्चरिंग यूनिटों की जांच के लिए शुरू होगा अभियान गर्मियों की शुरुआत होते ही स्थानीय स्तर पर फर्जी पेय पदार्थ बनाने का काम शुरू हो जाता है। इस बार लोगों की सेहत का ध्यान रखने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग लोकल मैन्युफैक्चरिंग यूनिटों की जांच के लिए अभियान शुरू करने जा रहा है। मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की चेतावनी दी गई है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।