
निर्माण समय पर हों, अतिक्रमण पर सख्ती बरतें: डीएम
डीएम मयूर दीक्षित ने जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की और निर्माण कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने सरकारी संपत्तियों पर अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आदेश दिया। बिना अनुमति पोस्टर लगाने वालों के खिलाफ नोटिस जारी करने की बात भी कही। कोहरे के चलते तेज रफ्तार वाहनों पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
डीएम मयूर दीक्षित ने सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में जिला स्तरीय अफसरों संग जनकल्याणकारी योजनाओं, जिला योजना, राज्य सेक्टर एवं केंद्र पोषित योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन निर्माण कार्यों के लिए धनराशि मंजूर हो गई है, उनको समयबद्ध तरीके से पूरा करते हुए निर्गत राशि का शीघ्र उपयोग सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” बहुउद्देश्यीय शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश देते हुए कहा कि अधिक से अधिक लोग इन शिविरों का लाभ उठा सकें। सरकारी भूमि और परिसंपत्तियों पर अतिक्रमण को लेकर डीएम ने सख्त रुख अपनाते हुए सभी एसडीएम और नगर निकायों के अफसरों को अपने-अपने क्षेत्रों में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
बिना अनुमति पोस्टर लगाने पर नोटिस जारी होंगे डीएम ने स्पष्ट किया कि सरकारी संपत्तियों पर बिना अनुमति पोस्टर, बैनर और स्लोगन चस्पा करने वालों के खिलाफ भी नोटिस जारी कर कार्रवाई की जाएगी। हरिद्वार को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए सरकारी कार्यालय और आसपास के क्षेत्रों में नियमित सफाई सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। तेज रफ्तार वाहनों पर कार्रवाई के भी निर्देश कोहरे और शीतलहर को देखते हुए डीएम ने परिवहन विभाग को सतर्क रहने के साथ सड़क हादसे की रोकथाम, ओवरलोडिंग और तेज रफ्तार वाहनों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके साथ ही, श्रद्धालुओं और निराश्रित लोगों के लिए प्रमुख स्थलों पर अलाव जलाने की व्यवस्था निरंतर बनाए रखने को कहा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




