ब्राह्मण समाज को निशाना बनाना निंदनीय: पाठक
अभिनेता मनोज वाजपेयी की नई वेब सीरीज 'घूसखोर पंडित' को लेकर हरिद्वार में विवाद खड़ा हो गया है। संत समाज ने इसे विशेष समाज को लक्षित करने वाला बताते हुए विरोध किया। उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने भी इस पर तीखी प्रतिक्रिया दी, इसे भारतीय संस्कृति के लिए अपमानजनक बताया।

अभिनेता मनोज वाजपेयी की नई वेब सीरीज ‘घूसखोर पंडित’ को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। इसके शीर्षक को लेकर हरिद्वार में संत समाज और सामाजिक संगठनों में गहरा आक्रोश देखने को मिल रहा है। श्रीगंगा सभा सहित विभिन्न साधु-संत संगठनों ने इसे एक विशेष समाज को लक्षित करने वाला बताते हुए तीखा विरोध दर्ज कराया है। इस बीच उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने भी इस मामले में सख्त प्रतिक्रिया दी। हरिद्वार के एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे पाठक ने कहा कि देश में एक वर्ग विशेष, विशेषकर ब्राह्मण समाज को लगातार निशाना बनाया जाना निंदनीय है।
उन्होंने कहा कि भारत की संस्कृति और सामाजिक मूल्यों को निशाना बनाना किसी भी रूप में स्वीकार्य नहीं है। पाठक ने कहा कि जिस ब्राह्मण समाज ने राष्ट्र के लिए सर्वस्व न्यौछावर किया, उसके लिए इस वेब सीरीज में आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग करना दुर्भाग्यपूर्ण है। इस प्रकार के चलचित्र समाज में विभाजन पैदा करते हैं। संत समाज ने किया बहिष्कार का आह्वान श्रीगंगा सभा के अध्यक्ष पंडित नितिन गौतम ने कहा कि वेब सीरीज का नाम ही विशेष समाज को लक्ष्य करता प्रतीत होता है, जो आपत्तिजनक है। अभिनेता मनोज वाजपेयी स्वयं ब्राह्मण समाज से आते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केवल आर्थिक लाभ के लिए किसी समाज की छवि को ठेस पहुंचाना गलत है। उन्होंने ब्राह्मण समाज से वेब सीरीज के बहिष्कार की अपील की। समाज को बांटने का काम कर रहीं ऐसी वेब सीरीज निरंजनी अखाड़े के महामंडलेश्वर स्वामी ज्योर्तिमयानंद गिरि ने भी कहा कि फिल्म और वेब सीरीज के जरिये लंबे समय से एक वर्ग विशेष को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस प्रकार का कंटेंट समाज को जोड़ने के बजाय तोड़ने का काम कर रहा है। उन्होंने वेब सीरीज के निर्माताओं से सार्वजनिक माफीनामे के साथ इस वेब सीरीज पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


