ह्रदय रोगों से बचाव को किया जागरूक
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान ग्वासापुल में विश्व ह्रदय दिवस पर गोष्ठी आयोजित की गई। इसमें लोगों को ह्रदय को स्वस्थ रखने के साथ हृदय रोगों से...
चकराता। संवाददाता
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान ग्वासापुल में विश्व ह्रदय दिवस पर गोष्ठी आयोजित की गई। इसमें लोगों को ह्रदय को स्वस्थ रखने के साथ हृदय रोगों से बचाव को महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
बुधवार सुबह आईटीआई में विश्व ह्रदय दिवस पर आयोजित गोष्ठी का शुभारम्भ काउंसलर बलबीर सिंह ने किया। उन्होंने मौजूद लोगों को ह्रदय रोगों की जानकारी देते हुए खानपान और व्यायाम से दिल को स्वस्थ रखने की जानकारी दी। बताया कि व्यायाम न करना, फल एवं हरी सब्जियों को कम मात्रा मे खाना, धूम्रपान एवं मदिरा का सेवन करना दिल की बीमारियों को बढ़ा रहा है। इस प्रकार की जीवनशैली से मोटापा, उच्च रक्तचाप, मधुमेह बढ़ रहा है। साथ ही यह सभी बीमारियां हृदय रोग को बढ़ाती हैं। बताया कि हृदय रोग होने पर उसका इलाज जल्द से जल्द होना चाहिए। एंजियोग्राफी, एंजियोप्लास्टी के बारे में हर कोई जागरूक है, परंतु जरूरत इस बात को जानने की है कि इन बीमारियों से बचा कैसे जाए। उन्होंने मौजूद लोगों को जागरूक करते हुए बताया कि मात्र जीवनशैली में बदलाव से बहुत सारी बीमारियों से बचा जा सकता है। इस मौके पर एएनएम प्रियंका जोशी, सीएचओ बबीता रावत, प्रधानाचार्य अनिल कुमार सिंह, शूरवीर सिंह, कुंदन सिंह, जगदीश सिंह आदि मौजूद रहे।