ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तराखंड हरिद्वारभाजपा सभासदों ने अपनी ही पार्टी के पालिकाध्यक्ष के खिलाफ खोला मोर्चा

भाजपा सभासदों ने अपनी ही पार्टी के पालिकाध्यक्ष के खिलाफ खोला मोर्चा

भाजपा सभासदों ने शिवालिकनगर पालिका अध्यक्ष के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सभासदों का आरोप है कि पालिका अध्यक्ष अपने दो चहेते सभाषदों के साथ ही बोर्ड को चला रहे...

भाजपा सभासदों ने अपनी ही पार्टी के पालिकाध्यक्ष के खिलाफ खोला मोर्चा
हिन्दुस्तान टीम,हरिद्वारFri, 07 Jun 2019 11:52 PM
ऐप पर पढ़ें

भाजपा सभासदों ने शिवालिकनगर पालिका अध्यक्ष के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सभासदों का आरोप है कि पालिका अध्यक्ष अपने दो चहेते सभाषदों के साथ ही बोर्ड को चला रहे हैं। अपनी ही पार्टी के सभासदों के बागी तेवरों के कारण बोर्ड की अगली बैठक में हंगामे के साथ ही अध्यक्ष राजीव शर्मा को सवालों के जवाब भी देने होंगे। नाराज सभासदों ने नगर पालिका के कार्यों की पारदर्शिता पर भी सवाल उठाए हैं। सभासदों का आरोप है कि बोर्ड के गठन बाद से विकास का कोई काम नहीं हो रहा है।चुनाव के छह माह के अंदर ही नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा से उनकी ही पार्टी के सभासद नाराज हो गए हैं। शुक्रवार को भाजपा सभासदों ने नगर पालिका अध्यक्ष से ज्ञापन सौंपने के लिए समय मांगा। सभासदों का दावा है कि नगर पालिका अध्यक्ष ने समय देने से इनकार कर दिया। इसके बाद सभासदों ने जल्द नगर पालिका बोर्ड बैठक बुलाने के लिए अधिशासी अधिकारी गुरमीत सिंह को ज्ञापन सौंपा।भाजपा सभासद गरिमा सिंह ने बताया कि बोर्ड के गठन और बजट की उपलब्धता के बाद भी वार्डों में विकास कार्य ठप पड़े हैं। गरिमा ने कहा कि नगर पालिका से संबधित किसी भी कार्य की जानकारी सभासदों को नहीं है। उन्होंने कहा कि सीसीआर में शहरी विकास मंत्री की बैठक के बाद उनको पता चला कि नगरपालिका के पास 23 सफाई कर्मचारी हैं, जबकि उनको बताया गया था कि पालिका के पास केवल दो सफाई कर्मचारी हैं। उन्होंने कहा कि नगरपालिका अध्यक्ष और दो सभासद ही नगरपालिका को चला रहे हैं। उन्होंने कहा अगर नगरपालिका अध्यक्ष की हठधर्मिता चलती रही तो वे बोर्ड बैठक में विरोध दर्ज कराएंगे।

सक्रिय हुआ भाजपा विधायक का गुट

बीते दिनों नवोदय नगर के पास शव विच्छेदन गृह शिफ्ट करने को सभासद सिंह पाल सिंह ने अनशन किया था। भाजपा सभासदों ने सिंह पाल सिंह का समर्थन किया, लेकिन नगर पालिका अध्यक्ष इस मामले में कहीं नजर नहीं आए। वहीं, रानीपुर विधायक आदेश चौहान सभासद सिंह पाल सिंह के साथ देहरादून में सीएम से मिले और मामले का तुरंत समाधान कर दिया। नगर पालिका अध्यक्ष का विरोध करने वाले अधिकांश भाजपा सभासद रानीपुर विधायक खेमे के बताए जाते हैं।

इन पार्षदों ने सौंपा अधिशासी अधिकारी को ज्ञापन

आठ सभासदों ने नगर पालिका बोर्ड की बैठक अतिशीघ्र बुलाने के लिए अधिशासी अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन सौंपने वालों में पार्षद सिंह पाल सिंह, गरिमा सिंह, अशोक मेहता, अजय मलिक, सुमन लता, संजय कश्यप, अरुणा और अंकुर यादव शामिल हैं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें