iPhone चाहता था दोस्त, 8वीं के छात्र ने अपने ही घर से लाखों उड़ाए और स्कूल में बांट दिए
रुड़की में हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। एक छात्र ने अपने घर से लाखों चुराए और स्कूल में दोस्तों को बांट दिए। एक दोस्त ने आईफोन खरीदा। मामला काफी चर्चा बटोर रहा है।

अमित सैनी, रुड़की
हरिद्वार के रुड़की में हैरान कर देने वाला मामला सामने आया। एक बच्चे ने अपने ही घर से लाखों रुपए उड़ा लिए। इसके बाद स्कूल गया और दोस्तों को सारी रकम बांट दी। एक दोस्त ने पैसे मिलते ही आईफोन खरीद लिया। मामला इलाके में काफी चर्चा बटोर रहा है। बच्चे ने ऐसा क्यों किया, इसका पता नहीं लग पाया है।
खंजरपुर क्षेत्र के एक स्कूल में कक्षा आठ के छात्र ने घर की अलमारी से साढ़े चार लाख रुपये निकालकर स्कूल ले जाने और उन्हें अपने साथियों में बांटने का मामला सामने आया है। छात्र के इस हरकत की जानकारी उस समय हुई, जब उसके माता-पिता को अलमारी में रखे रुपये नहीं मिले। घर में काफी तलाश के बाद भी रकम का पता नहीं चला तो परिजनों ने बेटे से पूछताछ की। शुरुआत में छात्र ने रुपये के बारे में कुछ नहीं बताया, लेकिन बाद में उसने पूरी बात परिजनों को बता दी।
घरवालों की सख्ती के बाद बेटे ने कबूला सच
छात्र ने बताया कि उसने घर की अलमारी से साढ़े चार लाख रुपये निकाले और उन्हें बैग में रखकर स्कूल ले गया। स्कूल पहुंचने के बाद उसने कक्षा के अपने कई साथियों को रुपये बांट दिए। परिजनों ने मामले की जानकारी स्कूल के प्रधानाचार्य को दी। इसके बाद प्रधानाचार्य ने कक्षा अध्यापक और अन्य शिक्षकों की मदद से छात्रों से पूछताछ शुरू की। इस दौरान कई बच्चों को छात्र द्वारा बहुत सारे रुपये लाने की पुष्टि की। हालांकि अब भी काफी रुपये वापस नहीं मिले हैं। परिजनों की ओर से रुपये की पूरी जानकारी जुटाई जा रही है। मामला सामने आने के बाद स्कूल और आसपास के क्षेत्र में इसकी चर्चा बनी हुई है। मामले को लेकर स्कूल प्रबंधन से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन स्कूल की ओर से कोई जानकारी नहीं दी गई।
एक छात्र ने पैसा मिलते ही खरीद लिया आईफोन
रुड़की। रुपये पाने वाले छात्रों में से एक ने रकम से आईफोन खरीद लिया। पूछताछ में छात्र ने बताया कि रुपये मिलने के बाद वह शाम के समय मोबाइल की दुकान पर गया और आईफोन खरीद लिया। स्कूल प्रबंधन ने छात्र से आईफोन मंगवाया है। साथ ही उसके अभिभावकों को भी स्कूल बुलाया गया है। बताया जा रहा है कि अन्य छात्रों से भी मिली रकम और उसके इस्तेमाल की जानकारी जुटाई जा रही है।
कई बच्चों ने लौटाए रुपये
शुरुआत में जिन छात्रों से रुपये लेने के बारे में पूछा गया, उन्होंने इससे इनकार कर दिया। शिक्षकों की ओर से दोबारा पूछताछ किए जाने पर कुछ छात्रों ने स्वीकार किया कि छात्र ने उन्हें रुपये दिए थे। इसके बाद स्कूल प्रबंधन और परिजनों को मामले की पूरी जानकारी हुई। बताया गया कि कुछ छात्रों ने मिले रुपये खर्च भी कर दिए। वहीं कई छात्रों ने रकम वापस कर दी है।

