हरिद्वार में शादी न होने पर प्रेमी युगल ने जहर खाकर जान दी, 9वीं में पढ़ती थी छात्रा
हरिद्वार में प्रेमी युगल ने शादी न होने से नाराज होकर जहर खाकर जान दे दी। इसमें लड़की नाबालिग थी। वह कक्षा नौ में पढ़ती थी और युवक ऑटो चलाता था।

हरिद्वार के बहादराबाद क्षेत्र में प्रेम प्रसंग के चलते युवक और किशोरी ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया। दोनों की उपचार के दौरान मौत हो गई। दोनों शादी करना चाहते थे। बताया जा रहा है कि अलग-अलग जाति के होने के कारण परिजन शादी के लिए तैयार नहीं थे। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, बहादराबाद क्षेत्र निवासी 20 वर्षीय युवक और 15 वर्षीय किशोरी के बीच प्रेम प्रसंग था। दोनों के परिजनों को इसकी जानकारी थी। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन परिवार इसके लिए राजी नहीं थे। इसी बात को लेकर दोनों परिवारों में विवाद की स्थिति भी बनी थी। परिजनों के अनुसार, 14 सितंबर को दोनों ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन दोनों को अस्पताल लेकर पहुंचे।
युवक की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे जौलीग्रांट अस्पताल रेफर किया गया। वहीं किशोरी का जिला अस्पताल में उपचार चलता रहा। उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई। मंगलवार को पुलिस को दोनों की मौत की सूचना मिली। एसएचओ अमरजीत सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा सामने आया है। हालांकि, जहरीला पदार्थ खाने के पीछे वास्तविक कारण और दोनों ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, इसकी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद मौत के कारण स्पष्ट होंगे।
कक्षा नौ की छात्रा थी किशोरी
जानकारी के अनुसार, युवक के पिता ऑटो चलाते हैं, जबकि किशोरी के पिता मजदूरी करते हैं। किशोरी कक्षा नौ की छात्रा थी और राजकीय इंटर कॉलेज में पढ़ती थी।
घर से निकली युवती वापस नहीं लौटी
रुड़की। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र की एक कॉलोनी निवासी एक युवती सोमवार की शाम घर से बाहर गई थी। लेकिन देर रात तक घर नहीं पहुंची। इसके बाद पुलिस को युवती के लापता होने की जानकारी दी। एसएसआई दीप कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर युवती की गुमशुदगी दर्ज कर ली है।


