ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तराखंड हल्द्वानीप्रदर्शनी के जरिए आजादी के नायकों से कराएंगे रूबरू

प्रदर्शनी के जरिए आजादी के नायकों से कराएंगे रूबरू

भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के तहत कार्यरत केंद्रीय संचार ब्यूरो नैनीताल की ओर से आज (शनिवार) से शहर में दो दिवसीय आजादी का अमृत...

प्रदर्शनी के जरिए आजादी के नायकों से कराएंगे रूबरू
हिन्दुस्तान टीम,हल्द्वानीFri, 12 Aug 2022 05:21 PM
ऐप पर पढ़ें

भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के तहत कार्यरत केंद्रीय संचार ब्यूरो नैनीताल की ओर से आज (शनिवार) से शहर में दो दिवसीय आजादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसमें नृत्य, संगीत समेत सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ स्कूली बच्चों के लिए वाद-विवाद, पेंटिंग, क्विज प्रतियोगिताएं भी कराई जाएंगी। कार्यक्रम का खास आकर्षण आजादी के नायकों पर आधारित फोटो प्रदर्शनी होगी।

भारतीय सूचना सेवा के क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी नैनीताल राजेश सिन्हा ने शुक्रवार को तिकोनिया स्थित मीडिया सेंटर में प्रेसवार्ता की। बताया कि 13 और 14 अगस्त को हल्द्वानी के हरगोविंद सुयाल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में दो दिवसीय आजादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें मुख्य अतिथि केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट होंगे। बताया कि प्रधानमंत्री द्वारा आजादी की 75 वीं वर्षगांठ मनाने के लिए 12 मार्च 2021 से 15 अगस्त 2022 तक 75 सप्ताह का ‘आजादी का अमृत महोत्सव की शुरुआत की गई थी, जिससे कि भारत के स्वतंत्रता संग्राम में अपना योगदान और बलिदान देने वालों को सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित की जा सके। इसके अलावा इस कार्यक्रम को कराने का उद्देश्य नई पीढ़ी को स्वतंत्रता सेनानियों से भी रूबरू कराना है। कहा कि भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की किताब ‘रिमेंबरिंग अनसंग हीरो में नेताजी सुभाष चंद्र बोस और उनके इंडियन नेशनल आर्मी के योगदान के बारे में चर्चा है। इसी तरह के उन स्वतंत्रता सेनानियों की जानकारी भी आम जनता सरकार तक पहुंचा सकती है, जिनके बारे में कम ही लोगों को पता है। भारत सरकार की वेबसाइट amritmahotsav.mygov.in पर जानकारी दी जा सकती है।

10 स्कूलों के बच्चे लेंगे भाग

क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी नैनीताल सिन्हा ने बताया कि पूरे कार्यक्रम के अलग-अलग इवेंट में 10 स्कूलों के बच्चे भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि यदि कोई स्कूल या बच्चा भी कार्यक्रम का हिस्सा बनना चाहता है तो वो कार्यक्रम स्थल पर भी संपर्क कर सकते हैं।

यह हिन्दुस्तान अखबार की ऑटेमेटेड न्यूज फीड है, इसे लाइव हिन्दुस्तान की टीम ने संपादित नहीं किया है।
हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें