नैनीताल समेत पर्वतीय जिलों में तीन मई तक बारिश के आसार
उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में 28 अप्रैल से 3 मई तक हल्की बारिश होने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी भी हो सकती है। हाल ही में हुई बारिश से मैदानी क्षेत्रों में तापमान में गिरावट आई है। लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

मोहन भट्ट हल्द्वानी। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। नैनीताल समेत अन्य पर्वतीय जिलों में 28 अप्रैल से तीन मई तक गर्जना के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं, मैदानी इलाकों में भी कहीं-कहीं हल्की वर्षा हो सकती है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 4,400 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने के भी आसार हैं।इधर पर्वतीय इलाकों में हुई हल्की बारिश का असर मैदानी क्षेत्रों में भी देखने को मिला। सोमवार को तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। रविवार को मैदानी क्षेत्रों में जहां अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस था, वह सोमवार को गिरकर 37.5 डिग्री सेल्सियस पर आ गया।
सुबह हवा में नमी 63 प्रतिशत थी, जो दोपहर तक घटकर 28 प्रतिशत रह गई। वहीं हल्द्वानी में सोमवार सुबह से धूप खिली रही, हालांकि बीच-बीच में बादल भी छाए। मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के निदेशक डॉ. सीएस तोमर ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के चलते पहाड़ों में हल्की बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


