बिजली संकट से गड़बड़ाई पेयजल की व्यवस्था
हल्द्वानी में लगातार हो रही बिजली कटौती और लो वोल्टेज से पेयजल व्यवस्था प्रभावित हो रही है। ट्यूबवेल का संचालन समय पर नहीं हो पा रहा है, जिससे लोगों को पानी के लिए घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। खराब ट्यूबवेल और गौला नदी का जलस्तर गिरने से संकट बढ़ रहा है।

हल्द्वानी। लगातार हो रही बिजली कटौती और लो वोल्टेज की समस्या ने पेयजल व्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। बिजली आपूर्ति बाधित होने और लो वोल्टेज से ट्यूबवेल का संचालन तय समय पर नहीं हो रहा है। जिससे लोगों को पानी के लिए घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। गौला नदी से पेयजल की मांग पूरी नहीं होने से ट्यूबवेल के मदद से भूजल निकाल कर पानी की आपूर्ति की जाती है। इसके बाद भी पानी की कमी होने पर लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। वहीं बिजली की कटौती और लो वोल्टेज से पेयजल संकट बढ़ रहा है। समय से ट्यूबवेल नहीं चलने पर सुबह और शाम पानी आने के तय समय पर लोग घरों में इंतजार करने को मजबूर हो गए हैं। कई क्षेत्रों में पानी देर से पहुंच रहा है, जबकि कुछ जगहों पर सप्लाई का समय कम हो गया है। इससे घरेलू कार्यों के साथ-साथ दैनिक जरूरतें पूरी करने में भी परेशानी हो रही है। कई बार ट्यूबवेल चालू होने के बाद अचानक बिजली चली जाती है, जिससे पानी की सप्लाई बाधित हो जाती है। जिससे लोगों बिजली के साथ ही पानी का दोहरा संकट झेलना पड़ रहा है。
इन क्षेत्रों में बन रही परेशानी
कठघरिया, लामाचौड़, दमुवाढूंगा, कुसुमखेड़ा, कमलुवागांजा के साथ ही गैस गोदाम रोड, आरटीओ रोड, रामपुर रोड के साथ ही बरेली रोड में लगे ट्यूबवेल बिजली के कारण प्रभावित हो रहे हैं।
कोट ---
बिजली कटौती और लो वोल्टेज से ट्यूबवेल प्रभावित हो रहे। आपूर्ति ठीक होते ही पेयजल की सप्लाई की जा रही है। - रविंद्र कुमार, सहायक अभियंता जल संस्थान
ट्यूबवेल खराब होने से बढ़ा पेयजल संकट
हल्द्वानी। पेयजल की कमी से जूझ रहे लोगों की परेशानी लगातार खराब हो रहे ट्यूबवेल बढ़ा रहे हैं। पानी की मांग पूरा करने के लिए लगातार चलाए जाने से एक के ठीक होने से पहले दूसरा खराब हो रहा है। कालाढूंगी रोड के धूनी नंबर दो और नरीपुर में ट्यूबवेल खराब होने से पानी की आपूर्ति ठप हो गई है। जिससे लोग टैंकर पर निर्भर हो गए हैं। ग्रामीण क्षेत्र में जरूरत के अनुसार विभागीय टैंकर नहीं पहुंचने से निजी टैंकर मंगाना मजबूरी बन गया है। जल संस्थान के अवर सहायक अभियंता पंकज उपाध्याय ने बताया कि ट्यूबवेल ठीक किए जा रहे हैं। जल्द ही सप्लाई शुरू हो जाएगी।
सूख रही गौला नदी, बढ़ सकता है पेयजल संकट
हल्द्वानी। भीषण गर्मी के असर से गौला नदी का जलस्तर में लगातार गिरावट दर्ज हो रही है। जिससे पेयजल का संकट और गहराने की आशंका बढ़ गई है। 24 मई को गौला का जलस्तर 92 क्यूसेक दर्ज किया गया था, जबकि 25 मई को यह घटकर 89 क्यूसेक पर पहुंच गया। वहीं 28 मई बुधवार को जलस्तर और घटकर 84 क्यूसेक दर्ज किया गया। जल्द ही बारिश नहीं होने पर इसके और कम होने का खतरा बना हुआ है।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


