Violence Erupts at MBPG College Student Union Leaders Assault Change-Makers on Bhagat Singh Jayanti एमबीपीजी कॉलेज के अंदर की गुंडागर्दी सड़क तक पहुंची, Haldwani Hindi News - Hindustan
Hindi NewsUttarakhand NewsHaldwani NewsViolence Erupts at MBPG College Student Union Leaders Assault Change-Makers on Bhagat Singh Jayanti

एमबीपीजी कॉलेज के अंदर की गुंडागर्दी सड़क तक पहुंची

शनिवार को एमबीपीजी कॉलेज में छात्रसंघ एवं छात्र नेताओं ने पछास कार्यकर्ताओं को पीटा, चोटिल

Newswrap हिन्दुस्तान, हल्द्वानीSat, 28 Sep 2024 08:59 PM
share Share
Follow Us on
एमबीपीजी कॉलेज के अंदर की गुंडागर्दी सड़क तक पहुंची

: शनिवार को कॉलेज में छात्रसंघ एवं छात्र नेताओं ने पछास कार्यकर्ताओं को पीटा, चोटिल हुए : कॉलेज परिसर में दिनभर अफरातफरी का माहौल, मीडिया कर्मियों से भी की अभद्रता

हल्द्वानी, वरिष्ठ संवाददाता। एमबीपीजी कॉलेज में छात्र संघ चुनाव से पहले छात्रसंघ से जुड़े पदाधिकारियों एवं छात्रों की अराजकता बढ़ती जा रही है। शनिवार को कॉलेज में शहीद भगत सिंह की जयंती मना रहे परिवर्तनकामी छात्र संगठन (पछास) से जुड़े छात्रों की कॉलेज परिसर में कुछ छात्र नेताओं ने बुरी तरह पिटाई कर दी। इस दौरान शहीद भगत सिंह से संबंधित पोस्टर भी फाड़ दिए।

हमलावर छात्र यहीं नहीं रुके। आरोप है कि इसके बाद उन्होंने पछास कार्यकर्ताओं को कॉलेज परिसर के बाहर नैनीताल रोड पर भी बेरहमी से पीटा। इस घटना में पछास के कार्यकर्ताओं को चोटें भी आई हैं। उन्होंने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। इस दौरान मीडियाकर्मियों से भी अभद्रता की गई। सोशल मीडिया में इस घटना का वीडियो वायरल हो रहा है।

यह है घटनाक्रम

परिवर्तनकामी छात्र संगठन के इकाई सचिव महेश ने बताया कि शनिवार को उन्होंने कॉलेज परिसर में मुख्य गेट के पास शहीद भगत सिंह जयंती पर उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करने का कार्यक्रम रखा था। दोपहर करीब 12 बजे छात्रसंघ का एक पदाधिकारी और एक अन्य छात्र नेता उनके पास पहुंचा और उनसे अभद्रता करने लगा। आरोप है कि ये छात्र उन्हें कॉलेज परिसर से बाहर खदेड़ने लगे। उस वक्त चीफ प्रॉक्टर डॉ. कविता बिष्ट सहित अन्य लोग भी मौके पर मौजूद थे। आरोप है कि उनकी मौजूदगी में इन छात्र नेताओं ने परिसर में पछास कार्यकर्ताओं से मारपीट की। पछास कार्यकर्ताओं के बनाए शहीद भगत सिंह से संबंधित पोस्टर भी फाड़ दिए। ये पोस्टर उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर दीवार पर लगाए थे।। इसके बाद वह जैसे ही कॉलेज गेट से बाहर निकले, कॉलेज के बाहर नैनीताल रोड पर दो छात्रों ने पछास कार्यकर्ताओं की पिटाई कर दी। इकाई सचिव महेश ने बताया कि इस मामले में उन्होंने पुलिस को लिखित तहरीर दी है। घटना में उनके अलावा उनके सहयोगी चंदन को भी पीटा।

कॉलेज प्रशासन की भूमिका पर सवाल

एमबीपीजी कॉलेज परिसर में बीते कुछ दिनों से एक छात्र संगठन से जुड़े छात्रों की मारपीट एवं कॉलेज में नियम तोड़ने की घटनाएं आम हो गई हैं। लेकिन कॉलेज प्रशासन इस पर खामोश है। कॉलेज का 50 से ज्यादा सदस्यों का प्रॉक्टर बोर्ड भी इस पर कोई सख्ती नहीं कर रहा है। कॉलेज के प्राध्यापकों ने बताया कि प्रॉक्टर बोर्ड की सक्रियता नहीं होने से छात्र-छात्राएं कॉलेज का माहौल खराब कर रहे हैं।

30 सदस्यीय सचल दल गठित

शनिवार को कॉलेज एवं कॉलेज परिसर के बाहर छात्रों के साथ मारपीट की घटना के बाद कॉलेज प्रशासन ने 30 सदस्यीय सचल दल गठित कर दिया है। यह दल सुनिश्चित करेगा कि कॉलेज परिसर में सिर्फ प्रवेश प्राप्त छात्र-छात्राएं ही आ सकें। वहीं 30 सितंबर से मुख्य गेट सुबह 10 से 10:30 बजे और शाम को 4 बजे वाहनों के लिए खुलेगा। सभी प्राध्यापक और कर्मचारी शाम पांच बजे तक कॉलेज में बने रहेंगे।

कॉलेज परिसर और कॉलेज के बाहर जो छात्र अराजकता कर रहे हैं, उनकी पहचान कर ली गई है। ऐसे छात्रों की जानकारी पुलिस को दी जाएगी। जो छात्र कॉलेज का माहौल खराब करेंगे, उनके खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई जाएगी।

-डॉ. एनएस बनकोटी, प्राचार्य, एमबीपीजी कॉलेज, हल्द्वानी

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।