
लावारिस पशुओं से बढ़ रहे हादसों से गुस्साए ग्रामीणों का प्रदर्शन
लावारिस पशुओं से बढ़ रहे हादसे, ग्रामीणों का प्रदर्शन - कहा, सड़कों पर घूमते
हल्द्वानी, मुख्य संवाददाता। गौलापार और चोरगलिया क्षेत्र में लावारिस पशुओं के कारण लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर ग्रामीणों ने कड़ा रोष जताया है। आमखेड़ा गौलापार की जिला पंचायत सदस्य लीला देवी के पति पूर्व बीडीसी सदस्य अर्जुन सिंह के नेतृत्व में शुक्रवार को ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी हल्द्वानी को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने लावारिस पशुओं को पकड़कर गोशाला भेजने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर घूमते लावारिस पशु हादसों की वजह बन रहे हैं। इन हादसों में अब तक कई लोगों की जान जा चुकी है, जबकि कई राहगीर गंभीर रूप से घायल हो चुके हैं। वहीं, दुर्घटनाओं में पशुओं की जान भी आए दिन जा रही है।

क्षेत्रवासियों ने कहा कि यह समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है और प्रशासन को त्वरित कदम उठाने होंगे। ज्ञापन में कहा गया कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो हादसे और बढ़ेंगे। ग्रामीणों ने मांग की है कि सड़क हादसों से बचाव के लिए संबंधित विभाग को ठोस दिशा-निर्देश जारी किए जाएं और लावारिस पशुओं को व्यवस्थित ढंग से गोशालाओं में रखा जाए। इस मौके ग्राम प्रधान सीतापुर सोनिया, बालम सिंह चौला, देवेंद्र सिंह बिष्ट, शंकर दत्त, यशवंत सिंह कार्की, नवीन चंद्र पलड़िया, रेखा नगरकोटी, हीरा सिंह बिष्ट, ऋषभ नैथानी आदि मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




