सुखवंत को साल भर दौड़ाया, ज्योति पर 48 घंटे में आठ मुकदमे

Jan 13, 2026 11:28 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, हल्द्वानी
share

हल्द्वानी के सुखवंत सिंह ने करोड़ों की धोखाधड़ी की शिकायत के बावजूद एक साल तक पुलिस से मदद नहीं मिलने पर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने व्लॉगर के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की, जबकि सुखवंत की शिकायत पर कोई सुनवाई नहीं हुई। इस घटना ने कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

सुखवंत को साल भर दौड़ाया, ज्योति पर 48 घंटे में आठ मुकदमे

हल्द्वानी। काशीपुर के पैगा निवासी सुखवंत सिंह खुद के साथ हुई करोड़ों की धोखाधड़ी की शिकायत लेकर सालभर तक पुलिस थाने, चौकी और उच्चाधिकारियों के दफ्तरों में चक्कर काटते रहा, लेकिन किसी ने उसकी नहीं सुनी। आखिर सिस्टम से परेशान होकर सुखवंत ने खुद को गोली मारकर खत्म कर दिया। दूसरी तरफ चार दिन पहले व्लॉगर ज्योति अधिकारी के खिलाफ तहरीर मिलते ही 48 घंटे के भीतर तीन जिलों में आठ मुकदमे दर्ज कर दिए गए। पुलिस के इस दोहरे चरित्र की भी खूब किरकिरी हो रही है। परिजनों के अनुसार, सुखवंत अप्रैल 2025 से 27 लोगों के खिलाफ तहरीर लेकर आईटीआई थाना, पैगा चौकी और एसएसपी दफ्तर के चक्कर काट रहा था।

पुलिसवाले उसे घंटों थाने-चौकी में बिठाते थे। शिकायत पर कार्रवाई की बात पूछने पर गाली बकते थे और उसी पर मुकदमे ठोकने की धमकी देते थे। यह बात सुखवंत ने अपने सुसाइड नोट और वायरल वीडियो में भी कही है। हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश का कहना है कि पुलिस दोहरा रवैया अपना रही है। शिकायत दर्ज करने में भी भेदभाव किया जा रहा है। किसी की तहरीर तक नहीं ली जाती और किसी पर चंद घंटों में ही कई मुकदमे दर्ज हो जाते हैं। चम्पावत के पूर्व विधायक हेमेश खर्कवाल ने कहा कि व्लॉगर के खिलाफ तहरीर थाने तक पहुंचने का पुलिस इंतजार कर रही थी और एक के बाद एक कई मुकदमे यूएस नगर, नैनीताल और अल्मोड़ा जिले में दर्ज हो जाते हैं। वहीं सुखवंत की तहरीर सालभर थानों में भटकना सोचनीय है। यह कानून व्यवस्था पर भी बड़ा सवाल है। वीडियो देख लिया होता तो बच जाती जान सुखवंत ने जब फेसबुक पर लाइव वीडियो बनाया तो इसे या तो किसी ने पूरा नहीं देखा या फिर सुनकर शेयर नहीं किया। अगर समय रहते वीडियो नैनीताल पुलिस तक पहुंचता तो आसानी से उसकी जान पुलिस बचा लेती। क्योंकि वीडियो और घटना के बीच दस से बारह घंटे का फर्क था। खुद को गोली मारने से पहले किया एक फायर पुलिस जांच में यह बात भी सामने आ रही है कि सुखवंत ने खुद को गोली मारने से पहले एक फायर और किया था। सूत्रों के मुताबिक पुलिस को कमरे से दो खोखे बरामद हुए हैं। अब किस पर पहला फायर किया था इसकी भी पुलिस जांच कर रही है। वीडियो में हाईकोर्ट का जिक्र किया वीडियो में सुखवंत ने कहा था कि वह अपनी पत्नी व बच्चों के साथ हाईकोर्ट में जाकर आत्महत्या कर रहे हैं। लेकिन कहा जा रहा है कि वहां पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था के कारण वह ऐसा नहीं कर पाया होगा। जिस कारण बच्चों संग गौलापार होटल में आकर वारदात की।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।