बिंदुखत्ता में 11वीं के छात्र ने सल्फास खाकर जान दी

बिंदुखत्ता में 11वीं के छात्र ने सल्फास खाकर जान दी

संक्षेप:

हल्द्वानी के बिंदुखत्ता में 11वीं के छात्र विक्रम सिंह ने सल्फास खाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय उसकी मां स्कूल गई थी और वह दोस्तों के साथ खेल रहा था। अचानक, उसने संदिग्ध परिस्थितियों में सल्फास का सेवन किया। विक्रम की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

Dec 11, 2025 05:48 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, हल्द्वानी
share

हल्द्वानी, कार्यालय संवाददाता। बिंदुखत्ता में 11वीं में पढ़ने वाले एक छात्र ने बुधवार को सल्फास खाकर जान दे दी। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। एकाएक हुई इस घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मूल रूप से बागेश्वर के समा गांव निवासी केशर सिंह परिवार के साथ बिंदुखत्ता कालिका मंदिर के पास रहते हैं। वह पूर्व में घर के पास ही एक परचून की दुकान चलाते थे। कुछ समय पहले से वह दुकान का काम छोड़कर दिल्ली में एक प्राइवेट कंपनी में जॉब कर रहे हैं। उनकी पत्नी यहीं के एक निजी स्कूल में स्टाफ वर्कर है, जहां उनका बेटा विक्रम सिंह (16) 11वीं की कक्षा का छात्र था।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

बताया जा रहा है कि बुधवार की सुबह विमला बच्चों के लिए नाश्ता बना कर स्कूल चली गई। इसके बाद विक्रम और उसकी 14 वर्ष की छोटी बहन ने नाश्ता किया। विक्रम नाश्ता करने के बाद दोस्तों के साथ मोबाइल पर गेम खेलने चला गया। कुछ देर बाद वह घर आया और कमरे में जाकर उसने संदिग्ध परिस्थितियों में सल्फास गटक लिया। तबीयत बिगड़ी तो शाम छह बजे परिजन उसे लेकर डॉ.सुशीला तिवारी अस्पताल लाए। जहां देर रात पौने 12 बजे के आसपास विक्रम की मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक विक्रम पढ़ाई में होनहार था। आत्मघाती कदम उठाने के कारणों से अभी पर्दा नहीं उठ पाया है। एकलौते बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। प्रभारी मेडिकल चौकी बीएस मेहता ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है।