Haldwani News: तीनपानी फ्लाईओवर हादसे की मजिस्ट्रीयल जांच के आदेश
Haldwani News: हल्द्वानी में तीनपानी फ्लाईओवर पर हुए हादसे में चार लोगों की मौत हुई है। जिला प्रशासन ने मजिस्ट्रीयल जांच के आदेश दिए हैं और सड़क सुरक्षा समिति की बैठक बुलाई जाएगी। इसमें दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए सुरक्षा उपाय तय किए जाएंगे। एडीएम विवेक राय को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है।

Haldwani News: हल्द्वानी। तीनपानी फ्लाईओवर पर हुए हादसे में चार लोगों की मौत को जिला प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने हादसे की मजिस्ट्रीयल जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि सड़क सुरक्षा समिति की आगामी बैठक में इस सड़क और फ्लाईओवर के निर्माण की तकनीकी समीक्षा भी की जाएगी। ‘हिन्दुस्तान’ अखबार हाईवे पर हुए हादसे में चार लोगों की मौत के बाद सड़क और फ्लाईओवर की खामियों को लेकर लगातार खबरें प्रकाशित कर रहा है। इसके बाद प्रशासन ने सख्त कदम उठाने का निर्णय लिया है। डीएम ललित मोहन रयाल ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग बाईपास पर लगातार हो रही दुर्घटनाएं गंभीर चिंता का विषय हैं।
इन हादसों की रोकथाम के लिए जल्द ही सड़क सुरक्षा समिति की बैठक बुलाई जाएगी, जिसमें एनएचएआई, आरटीओ, लोक निर्माण विभाग, ट्रैफिक पुलिस के अधिकारी मौजूद रहेंगे। बैठक में सड़क और फ्लाईओवर के निर्माण को लेकर विशेषज्ञों की मौजूदगी में व्यापक तकनीकी समीक्षा की जाएगी।उन्होंने बताया कि अगले सप्ताह होने वाली इस बैठक में दुर्घटना संभावित स्थलों का विश्लेषण कर विशेषज्ञ एजेंसियों के तकनीकी सुझावों के आधार पर प्रभावी सुरक्षा उपाय तय किए जाएंगे, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। डीएम ने बताया कि चार लोगों की मौत के मामले में एडीएम विवेक राय को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। वह 21 दिनों में हादसे की जांच पूरी कर रिपोर्ट देंगे। रिपोर्ट में दुर्घटना के कारणों के साथ भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए आवश्यक सुझावों को भी शामिल किया जाएगा। डीएम ने बताया कि मामले की जांच को लेकर कोई भी व्यक्ति किसी भी कार्यदिवस पर एडीएम राय के समक्ष साक्ष्यों के साथ बयान दर्ज करा सकता हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


