हल्द्वानी शहर में दिनभर रेंगी गाड़ियां, गलियों से भागे लोग

Apr 06, 2026 08:02 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, हल्द्वानी
share

हल्द्वानी में सोमवार को यातायात व्यवस्था पूरी तरह से खराब हो गई। बरेली-रामपुर और कालाढूंगी रोड पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। गलियों में भी जाम से राहत नहीं मिली। 

हल्द्वानी शहर में दिनभर रेंगी गाड़ियां, गलियों से भागे लोग

संतोष जोशी, हल्द्वानी। शहर की यातायात व्यवस्था सोमवार को पूरी तरह पटरी से उतरी नजर आई। सुबह से ही शहर के मुख्य चौराहों और संपर्क मार्गों पर वाहनों का भारी दबाव रहा, जिससे दिनभर लोग जाम से जूझते रहे। हालात इतने बदतर हो गए कि मुख्य सड़कों पर फंसे दोपहिया और चार पहिया वाहन चालकों ने गलियों का रुख किया, लेकिन वहां भी राहत नहीं मिली।बरेली रोड, रामपुर रोड और कालाढूंगी रोड पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। स्थिति तब और गंभीर हो गई जब मुखानी चौराहे से लेकर पीलीकोठी चौराहे तक का पूरा क्षेत्र जाम की चपेट में आ गया।

स्थानीय व्यापारियों और राहगीरों का कहना है कि पीक आवर्स के दौरान यातायात पुलिस के इंतजाम नाकाफी हैं। सुबह के समय दफ्तर और स्कूल जाने वाले लोग भी जाम की चपेट में आए। जाम का सबसे बड़ा कारण सड़कों के किनारे खड़े आड़े-तिरछे वाहन रहे। मुख्य बाजार और व्यस्ततम सड़कों पर लोगों ने अपने वाहन बेतरतीब ढंग से खड़े कर दिए थे, जिससे सड़क की चौड़ाई कम हो गई और यातायात रेंगने को मजबूर हो गया।

विशेषकर रामपुर रोड और कालाढूंगी रोड पर दुकानों के बाहर खड़े वाहनों ने रही-सही कसर पूरी कर दी। जब मुख्य मार्ग पूरी तरह ठप हो गए, तो वाहन चालकों ने वैकल्पिक रास्तों के रूप में मोहल्लों की गलियों का सहारा लिया। एसपी ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र ने बताया कि सोमवार को अक्सर भीड़ रहती है। पुलिस के ट्रैफिक चलाने को लेकर पूरे इंतजाम शहर में हैं। कई जगहों पर थोड़ा दिक्कत आना स्वाभाविक है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।