कुमाऊं के पॉलीटेक्निक में कामकाज ठप, मूल्यांकन कार्य भी प्रभावित
हल्द्वानी के राजकीय पॉलीटेक्निक में परीक्षा के दौरान नकल करते पकड़े गए छात्र के परिजनों द्वारा शिक्षकों और कर्मचारियों के साथ मारपीट की घटना के विरोध में कुमाऊं मंडल के पॉलीटेक्निक संस्थानों के शिक्षक और कर्मचारी कार्य बहिष्कार पर हैं। इससे मूल्यांकन कार्य ठप हो गया है।

हल्द्वानी, हिन्दुस्तान टीम। देहरादून के पित्थूवाला स्थित राजकीय पॉलीटेक्निक में परीक्षा के दौरान नकल करते पकड़े गए छात्र के परिजनों के कॉलेज में घुसकर शिक्षकों और कर्मचारियों से मारपीट की घटना के विरोध में कुमाऊं मंडल के पॉलीटेक्निक संस्थानों के शिक्षक और कर्मचारी लामबंद हैं। बुधवार को मंडल के पांच जिलों में राजकीय पॉलीटेक्निक के शिक्षक और कार्मिक पूर्ण कार्य बहिष्कार पर रहे, जिससे परीक्षाओं के बाद चल रहा उत्तर पुस्तिकाओं का ऑनलाइन व ऑफलाइन मूल्यांकन कार्य पूरी तरह ठप पड़ गया है। हालांकि, ऊधमसिंह नगर जिले में कुछ संस्थानों में परीक्षाएं होने के चलते काम सुचारू रहा।
नैनीताल और अल्मोड़ा में काली पट्टी बांधकर जताया विरोध
नैनीताल पॉलीटेक्निक में करीब 60 शिक्षक और कर्मचारियों ने बांहों पर काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन किया। उनका कहना है कि जब तक दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होती उनका कार्य बहिष्कार जारी रहेगा। उधर अल्मोड़ा जिले के सभी 9 पॉलीटेक्निक संस्थानों में तालाबंदी जैसी स्थिति रही। परीक्षाएं संपन्न होने के बाद यहां कॉपियां जांचने का काम गति पकड़ रहा था। जो अब पूरी तरह रुक गया है।
सीमांत जिलों में भी पसरा सन्नाटा
पिथौरागढ़ जिले के सभी 8 पॉलीटेक्निक संस्थानों के स्टाफ ने एक स्वर में कार्य बहिष्कार का ऐलान किया है। जिससे ऑनलाइन मूल्यांकन ठप हो गया। चम्पावत जिले के चम्पावत, लोहाघाट और टनकपुर पॉलीटेक्निक में भी सन्नाटा पसरा है। बागेश्वर जिले के कांडा, कपकोट और गरुड़ पॉलीटेक्निक के शिक्षक धरने पर बैठ गए हैं। कांडा के प्रधानाचार्य भुवन चंद्र ने बताया की कार्य बहिष्कार से मूल्यांकन कार्य तरह प्रभावित है।
ऊधमसिंह नगर में मिला-जुला असर
तराई के ऊधमसिंह नगर जिले में आंदोलन का मिला-जुला असर देखने को मिला। काशीपुर राजकीय पॉलीटेक्निक में कार्य बहिष्कार रहा, लेकिन पंतनगर पॉलीटेक्निक और सिक्स सिगमा पॉलीटेक्निक में वर्तमान में परीक्षाएं चलने के कारण शिक्षण और प्रशासनिक कार्य सुचारू रूप से चल रहे हैं।
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


