ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तराखंड हल्द्वानीपहाड़ की पीड़ा को फिल्मी पर्दे पर लाएंगे सुपर स्टार रजनीकांत

पहाड़ की पीड़ा को फिल्मी पर्दे पर लाएंगे सुपर स्टार रजनीकांत

ये पहाड़ है। यहां की हसीन वादियां। पक्षियों की कल- कल आवाज और प्रकृति के सुंदर नजारे, दुनिया में कहीं नहीं। मैं तो बस इस पहाड़ का कायल हो गया हूं। लोगों का अंदाज भी बिल्कुल अलग है। बस इस पहाड़ से इस...

पहाड़ की पीड़ा को फिल्मी पर्दे पर लाएंगे सुपर स्टार रजनीकांत
प्रमोद डालाकोटी,अल्मोड़ाTue, 20 Mar 2018 06:54 AM
ऐप पर पढ़ें

ये पहाड़ है। यहां की हसीन वादियां। पक्षियों की कल- कल आवाज और प्रकृति के सुंदर नजारे, दुनिया में कहीं नहीं। मैं तो बस इस पहाड़ का कायल हो गया हूं। लोगों का अंदाज भी बिल्कुल अलग है। बस इस पहाड़ से इस बार एक दर्द लेकर जा रहा हूं। वह है, यहां के लोगों की पीड़ा। पहाड़ में रहने वाले लोगों का जीवन ऊंचे- ऊंचे पहाड़ों की तरह तकलीफदेय है। यह कहना है फिल्म अभिनेता रजनीकांत का। इन दिनों द्वाराहाट पहुंचे सुपर स्टार रजनीकांत रविवार को द्वाराहाट से 20 किमी दूर महावतार गुफा में योग करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने हिन्दुस्तान से बातचीत में कहा कि पहाड़ के लोगों की इस दिक्कत को मैं दुनिया के लोगों को दिखाना चाहता हूं। पहाड़ के लोगों जिस पीड़ा से जूझ रहे हैं। उस पर मैं फिल्म बनाऊंगा। लोगों को बताऊंगा कि यहां लोग कितने मेहनतकश हैं। मैं जब ध्यान के लिए गुफा में आ रहा था तो रास्ते में देखा कि करीब 60 साल की महिला सिर में लकड़ी लिए आ रही थी। कुछ दूरी पर एक महिला और देखी। जिसके सिर पर टोकरी थी। मैं ये देखकर चकित हो गया। यहां कि महिलाएं भी कितनी मेहनती हैं। ये देख ही मेरे दिमाग में विचार आया कि मैं पहाड़ के लोगों की पीड़ा पर फिल्म बनाऊंगा।

अगले साल आऊंगा:

फिल्म अभिनेता रजनीकांत ने कहा कि उन्हें उत्तराखंड से बेहद लगाव है। खासकर वह परमहंस योगानंद से बेहद प्रभावित हैं। उनसे प्रभावित होकर ही वह आध्यात्म और योग से जुड़े। इस बार भी वह महावतार गुफा में योग करने पहुंचे। उन्होंने कहा कि अगले साल भी वह यहां पर जरूर करेंगे। उन्होंने कहा कि अगली बार जब वह आयेंगे तो वह जागेश्वर और कौसानी में भी जरूर जायेंगे।

रतखाल की नंदी से भी मिले

फिल्म अभिनेता रजनीकांत जब महावतार गुफा से योग कर लौट रहे थे। उस वक्त जंगल में काम करने वाली महिलाओं को उन्होंने देखा। तभी वह रतखाल गांव की नंदी देवी से भी मिले। उनसे थोड़ा बात भी की। इसके बाद उन्होंने लोगों के साथ फोटो खिंचवाई। क्षेत्र के बारे में भी पूछा।

आज सिर्फ आध्यात्म, नो राजनीति:

फिल्म अभिनेता रजनीकांत ने कहा कि वह यहां पर योग और आध्यात्म के लिए आए हैं। यहां पर सिर्फ योग की बात करें। राजनीति के बारे में मुझसे कुछ ना पूछे। इस बारे में कुछ नहीं कह सकता। मीडिया वाले पता नहीं मेरा क्यों पीछा कर रहे हैं।

उत्तराखंड में फिल्मों के लिए अपार संभावनाएं :

फिल्म अभिनेता रजनीकांत ने कहा कि उत्तराखंड की वादियां और यहां की सुंदरता अद्वीतीय हैं, यहां की सुंदर वादियां फिल्म छायांकन के लिए श्रेष्ठ हैं, यदि फिल्मकार इस ओर ध्यान दे तो यहां फिल्मों की शूटिंग हो सकती है। उन्होंने कहा कि इस ओर भी ध्यान देने की जरूरत है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें