
नैनीताल में तस्करों की फायरिंग में एसटीएफ के सिपाही समेत दो घायल
नैनीताल जिले के खनस्यूं में एसटीएफ की टीम पर तस्करों ने फायरिंग की, जिसमें एक सिपाही और एक स्थानीय काश्तकार घायल हो गए। एसटीएफ भालू के पित्त की तस्करी के मामले में दबिश देने गई थी। घायलों को हल्द्वानी के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने अन्य तस्करों की धरपकड़ के लिए गश्त बढ़ा दी है।
भीमताल/हल्द्वानी, हिन्दुस्तान टीम। नैनीताल जिले के खनस्यूं में शनिवार देर शाम को दबिश देने गई एसटीएफ की टीम पर तस्करों से फायरिंग कर दी। इस घटना में एसटीएफ के एक सिपाही समेत स्थानीय काश्तकार घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए हल्द्वानी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने घायलों का हालचाल जाना। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक भालू के पित्त की तस्करी की सूचना पर एसटीएफ ने दबिश दी थी। पुलिस के मुताबिक, घटना ओखलकांडा ब्लॉक के खनस्यूं के पतलोट के पास हुई। करीब आठ बजे तस्करी की सूचना पर दबिश देने पहुंची एसटीएफ की टीम पर तस्करों ने एक के बाद एक तीन फायरिंग कर दी।

इस घटना में एसटीएफ टीम के सिपाही भूपेंद्र मर्तोलिया मूल निवासी मुनस्यारी, पिथौरागढ़ व हाल मुखानी के छाती के पास गोली लग गई। जबकि टीम के साथ चल रहे स्थानीय काश्तकार नर सिंह पुत्र चनार सिंह निवासी ओखलकांडा के ठुड्डी से होकर गोली का छर्रा गुजरा। दोनों घायलों को आनन-फानन में हल्द्वानी के निजी अस्पताल लाए। पुलिस सूत्रों के मुताबिक एसटीएफ की टीम भालू के पित्त की तस्करी के मामले में दबिश देने ओखलकांडा के अधौड़ा पहुंची थी। भालू की पित्त खरीदने वाला चम्पावत जिले का बताया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक खरीदार को पुलिस ने पकड़ लिया है। जबकि अन्य तस्करों की धरपकड़ को पूरे इलाके में गश्त चल रही है। एसएसपी डॉ.मजूनाथ ने बताया कि एहतियातन स्पेशल ऑपरेशन चलाकर कई थानों की पुलिस ओखलकांडा को रवाना की गई है। शीघ्र तस्करों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




