
बच्चे बन रहे दंपति के रिश्तों में कड़वाहट की वजह
हल्द्वानी में छोटे बच्चों के कारण पति-पत्नी के रिश्तों में कड़वाहट बढ़ रही है। महिला सेल के अनुसार, इस साल 777 दंपति विवादों में से 255 मामले बच्चों से जुड़े हैं। पत्नियों की शिकायत है कि पति बच्चों की देखभाल में मदद नहीं करते, जिससे रिश्तों में खटास आ रही है।
हल्द्वानी। हल्द्वानी में छोटे बच्चे पति-पत्नी के रिश्तों में कड़वाहट की वजह बन रहे हैं। महिला सेल में बीते एक साल में सामने आए सैकड़ों मामलों से यह बात उजागर हो रही है। कई मामलों में छोटी-छोटी बातों पर शुरू हुआ विवाद तलाक की नौबत तक पहुंच रहा है। महिला सेल से मिली जानकारी के मुताबिक साल 2025 में नवंबर तक बच्चों से जुड़े पारिवारिक विवाद के 255 मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें अधिकांश शिकायतें पत्नियों ने की हैं। महिला सेल प्रभारी सुनीता कुंवर बताती हैं कि अधिकांश पत्नियों की शिकायत है कि बच्चे की देखभाल और परवरिश की पूरी जिम्मेदारी उनके कंधों पर डाल दी जाती है।

जबकि पति खुद को इससे अलग रखते हैं। पत्नियों की यह भी शिकायत है कि पति अब पहले की तरह घूमने-फिरने, बाहर खाना खाने या शॉपिंग के लिए समय नहीं निकालते हैं। पति जिम्मेदारियों से भाग रहे महिलाओं की शिकायत है कि डिलीवरी के बाद जब वे शारीरिक और मानसिक रूप से थक चुकी होती हैं, तब पति ऑफिस की व्यस्तता का हवाला देकर घर और बच्चे से मुंह फेर लेते हैं। रात में बच्चे का रोना, दूध पिलाना, डायपर बदलना...आदि ये सारी जिम्मेदारियां अकेले पत्नी निभाती है। नतीजा यह होता है कि प्यार भरा रिश्ता धीरे-धीरे खटास में बदलने लगता है। इस साल महिला सेल में दंपति के 777 मामले महिला सेल हल्द्वानी में इस साल दंपति के बीच विवाद के कुल 777 मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें से ढाई सौ के करीब बच्चों को लेकर विवाद से जुड़े हैं। काउंसलिंग के बाद 301 मामलों में राजीनामा करा रिश्ते को बचा लिया गया। 299 मामले न्यायालय को स्थानांतरित किए गए। 23 मामलों में मुकदमा दर्ज किया गया जबकि शेष मामलों में अभी काउंसलिंग जारी है। विशेषज्ञों का कहना है कि पतियों को भी बच्चे की परवरिश में बराबर हिस्सा लेना चाहिए। केस 1: कोतवाली क्षेत्र की एक महिला बीते दिनों महिला सेल पहुंची। उसने शिकायत दी कि बच्चे की परवरिश में पति हाथ नहीं बटाते। जबकि पहले दोनों के बीच रिश्ते अच्छे थे। अब बात-बात में लड़ाई होती है। केस 2: गौलापार निवासी एक महिला ने शिकायत करते हुए कहा कि शादी के चार साल हो गए। एक साल का बच्चा है। पति उसके रोने पर झगड़ते हैं। बच्चे की परवरिश में योगदान नहीं देते। जिस कारण विवाद होता है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


