
शादी के सीजन में रेडी टू वियर साड़ियों की बढ़ी मांग
हल्द्वानी में शादी के सीजन में रेडी टू वियर और कस्टमाइज लहंगों की मांग तेजी से बढ़ रही है। प्री-ड्रेप साड़ियां कामकाजी महिलाओं और युवतियों के बीच लोकप्रिय हो रही हैं। स्थानीय डिजाइनर कस्टम डिजाइनों पर काम कर रहे हैं। ठंड में वेलवेट सूट की बिक्री भी बढ़ी है।
हल्द्वानी। शादी के सीजन में रेडी टू वियर यानि प्री-ड्रेप साड़ियों की मांग बढ़ गई है। परम्परा के साथ आधुनिक लुक देने के लिए कामकाजी महिलाओं के साथ युवतियों को भी ये साड़ियां खूब भा रही हैं। इसके अलावा स्थानीय डिजाइनरों के माध्यम से कस्टम डिजाइन साड़ियां भी तैयार की जा रही हैं। कस्टमाइज लहंगों की भी बाजार में खूब मांग है। दीपावली के बाद अब शादी-ब्याह के सीजन ने बाजारों में फिर से रौनक ला दी है। शहर के मॉल और बुटीक में महिलाओं की खरीदारी का उत्साह देखते ही बन रहा है। बाजारों में रंग-बिरंगे परिधानों की बहार है और हर शो-रूम पर भीड़ उमड़ रही है।
दुकानदारों का कहना है कि इस बार पारंपरिक कपड़ों के साथ मॉडर्न टच वाले परिधानों की मांग बढ़ी है। बनारसी, कांजीवरम, सिल्क और एंब्रॉइडरी साड़ियों के साथ-साथ प्री-ड्रेप साड़ियां महिलाओं की पहली पसंद बन रही हैं। प्री-ड्रेप साड़ियां आसान और आकर्षक विकल्प प्री- ड्रेप साड़ियों की खासियत यह है कि जो महिलाएं ठीक से साड़ी नहीं पहन पाती उनके लिए यह आसान और आकर्षक विकल्प है। इस स्टाइलिश साड़ी को महिलाएं खूब पसंद कर रही हैं। हल्द्वानी के बुटीक संचालक अंकित मेहता बताते हैं कि प्री-ड्रेप साड़ियों की कीमतें 1000 रुपये से लेकर 25 हजार रुपये तक हैं। कस्टमाइज लहंगे का फैशन छाया ब्राइडल और पार्टीवियर लहंगों में इस बार कस्टमाइज डिजाइन का क्रेज है। महिलाएं फिल्मों या सोशल मीडिया से डिजाइन लेकर अपने मुताबिक लहंगे तैयार करवा रही हैं। स्थानीय डिजाइनर भावना तिवारी ने बताया कि अब रेडीमेड लहंगों की बजाय ग्राहक अपने मनपसंद डिजाइन और रंग चुन रहे हैं। पेस्टल टोन, सिल्क फैब्रिक और हैंड एंब्रॉइडरी वाले लहंगे ट्रेंड में हैं। ठंड में वेलवेट के सूट की मांग बढ़ी नवंबर की ठंडक के साथ ही महिलाएं गर्माहट और स्टाइल दोनों का ध्यान रख रही हैं। दुकानदारों के अनुसार वेलवेट सूट और बनारसी दुपट्टों की बिक्री भी तेजी से बढ़ी है। व्यापारी किशोर रावत ने बताया कि महिलाएं शादी के फंक्शन के साथ रोजमर्रा में भी वेलवेट सूट को पसंद कर रही हैं। खरीदारों में उत्साह खरीदारी करने आई ग्राहक रिंकी पंत ने बताया कि उन्हें साड़ी पहननी नहीं आती, इसलिए उन्होंने प्री-ड्रेप साड़ी खरीदी है। वहीं कॉलेज छात्रा प्रतिभा बिष्ट ने कहा कि कॉलेज फेयरवेल के लिए उन्होंने प्री-ड्रेप साड़ी चुनी है क्योंकि यह संभालने में आसान और ट्रेंडी दोनों है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




