Hindi NewsUttarakhand NewsHaldwani NewsResidents Protest Against Unscheduled Power Cuts in Gaulapar Area
गौलापार में अनियमित बिजली कटौती से भड़के ग्रामीण

गौलापार में अनियमित बिजली कटौती से भड़के ग्रामीण

संक्षेप:

हल्द्वानी के गौलापार क्षेत्र में ग्रामीणों ने बिजली कटौती के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने अधिशासी अभियंता के कार्यालय में ज्ञापन सौंपकर नियमित बिजली सप्लाई की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि बिना सूचना के लंबे समय तक बिजली काटी जा रही है, जिससे पढ़ाई, व्यापार और कृषि कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

Dec 06, 2025 06:09 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, हल्द्वानी
share Share
Follow Us on

हल्द्वानी, मुख्य संवाददाता। गौलापार क्षेत्र में लगातार हो रही अनियमित एवं लम्बी अवधि की बिजली कटौती से ग्रामीणों का सब्र जवाब दे गया। शनिवार को स्थानीय ग्रामीणों ने समस्या के समाधान के लिए अधिशासी अभियन्ता, ऊर्जा निगम के कार्यालय पहुंचकर विरोध जताया और ज्ञापन सौंपकर तत्काल बिजली सप्लाई सामान्य करने की मांग उठाई। गौलापार क्षेत्र में पिछले कई दिनों से अनियमित और घंटों चलने वाली बिजली कटौती ने स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। आमखेड़ा-गौलापार क्षेत्र से जिला पंचायत सदस्य लीला देवी के लेटर हैड पर शनिवार को स्थानीय ग्रामीणों ने अधिशासी अभियन्ता को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों का कहना था कि क्षेत्र में प्रतिदिन बिना पूर्व सूचना के बिजली काटी जा रही है, जिससे ग्रामीणों, व्यापारियों और किसानों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

बिजली कटौती के कारण छात्रों की पढ़ाई और ऑनलाइन गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं, वहीं घरेलू एवं व्यावसायिक कार्य भी बाधित हो रहे हैं। किसानों ने बताया कि सिंचाई कार्य समय पर न होने से फसलों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। अचानक कटौती होने से लोगों को अंधेरे और असुविधा की स्थिति झेलनी पड़ रही है। जिला पंचायत सदस्य ने मांग की है कि विभाग क्षेत्र में एक निर्धारित और नियमित बिजली शेड्यूल जारी करे और अकारण एवं अनियमित कटौती पर रोक लगाई जाए। इस मौके पर अर्जुन सिंह बिष्ट, उमेश बिष्ट, धर्मेंद्र रैकवाल, चंदन राणा, जगदीश बिष्ट और प्रेम कार्की आदि मौजूद रहे।