Haldwani News: रविंद्र निर्विरोध जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष बने
Haldwani News: हल्द्वानी, नैनीताल जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष पद पर रविंद्र सिंह रैकुनी निर्विरोध चुने गए हैं। भाजपा ने उन्हें अपना अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया था। उनकी जीत पर भाजपाइयों ने जश्न मनाया। रैकुनी पहले भी सहकारी बैंक में संचालक रहे हैं और उन्हें आगामी सहकारिता महोत्सव में जिला संयोजक बनाया गया।

Haldwani News: हल्द्वानी, मुख्य संवाददाता। नैनीताल जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष पद पर रविंद्र सिंह रैकुनी निर्विरोध चुने गए हैं। भाजपा ने गुरुवार देररात उन्हें अपना अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया था। उनकी जीत पर भाजपाइयों ने मिठाई बांटकर जश्न मनाया। जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट और विधायक बंशीधर भगत ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष का स्वागत किया। रविंद्र सिंह पहले भी सहकारी बैंक में संचालक रहे चुके हैं। वर्ष 2024 में आयोजित सहकारिता महोत्सव में उन्हें सहकारिता प्रकोष्ठ का जिला संयोजक बनाया गया था। इससे पहले भी वह सहकारी संस्थाओं और बैंक की गतिविधियों से जुड़े रहे। रैकुनी वर्ष 2000 में भाजयुमो के मंडल अध्यक्ष रहे चुके हैं। इसके बाद से वह लगातार भाजपा से जुड़े रहे। वहीं मंडी समिति हल्द्वानी में उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं।
निर्देशक मंडल के चुनाव
निदेशक मंडल के चुनाव में भी कई पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ। चुनाव प्रक्रिया के दौरान जिला स्तरीय विशेष सहकारी समिति वार्ड-10 से रविंद्र निर्विरोध चुने गए थे। वहीं, लगातार दो कार्यकाल तक बैंक अध्यक्ष रहे राजेंद्र सिंह नेगी इस बार चुनाव मैदान में नहीं उतर सके। आरबीआई के लगातार 10 वर्ष के बाद तीन वर्ष के अंतराल से संबंधित नियम के चलते निदेशक पद पर उनका नामांकन निरस्त हो गया था। अब रैकुनी के सामने किसानों, सहकारी समितियों और ग्रामीण क्षेत्र से जुड़े खाताधारकों तक सहकारी बैंकिंग सेवाओं को और प्रभावी बनाने की चुनौती रहेगी।
उपाध्यक्ष पद रह गया रिक्त
निधि नेगी का पर्चा निरस्त होने के उपाध्यक्ष रिक्त रह गया। निर्वाचन अधिकारी सुरेश प्रकाश वैनी ने बताया कि मतदाता क्रमांक गलत भरने की वजह से उनका पर्चा निरस्त कर दिया गया था। वहीं बैंक के सात प्रतिनिधियों में से चार निर्विरोध चुने गए, जबकि तीन पदों पर चुनाव हुआ। प्रादेशिक को-ऑपरेटिव यूनियन के प्रतिनिधि के लिए कपिल रावत, मंजू जलाल, उत्तराखंड राज्य सहकारी संघ के प्रतिनिधि के लिए गोपाल सिंह निर्विरोध चुने गए हैं। उत्तराखंड राज्य सहकारी बैंक लिमिटेड के प्रतिनिधि के तौर पर एससी सीट पर धर्मपाल को निर्विरोध और भावना गंगोला, गोविंद सिंह, जितेंद्र सिंह मेहता चुनाव में विजयी घोषित किया गया।


