Haldwani News: बिजली बिलों की जांच के लिए सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा ज्ञापन
Haldwani News: हल्द्वानी में स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद उपभोक्ताओं को अत्यधिक बिजली बिलों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय कांग्रेस नेता और पार्षद ने सीटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपकर जांच की मांग की। लोगों का कहना है कि पूर्व की तरह बिजली का उपयोग करने पर भी बिल अचानक बढ़ गए हैं।

Haldwani News: हल्द्वानी। शहर के राजपुरा सहित विभिन्न क्षेत्रों में विद्युत विभाग द्वारा लगाए गए स्मार्ट मीटरों के बाद उपभोक्ताओं को मिल रहे अत्यधिक बिजली बिलों को लेकर स्थानीय जनता में गहरा असंतोष व्याप्त है। शुक्रवार को बिजली के बिलों की जांच की मांग को लेकर कांग्रेस नेता ललित जोशी और राजपुरा पड़ाव वार्ड-13 की पार्षद मुन्नी कश्यप के संयुक्त नेतृत्व में पहुंचे लोगों ने सिटी मजिस्ट्रेट को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा गया। लोगों का कहना था कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद से उनके बिजली बिलों में बेहद वृद्धि हुई है। जहां पहले बिल पांच सौ से हजार रुपये के मध्य आता था, वहीं अब वह बढ़कर दो हजार से लेकर पांच हजार या उससे भी अधिक प्राप्त हो रहा है।
जबकि वह पूर्व की तरह ही बिजली का उपयोग कर रहे हैं। लोगों ने स्मार्ट मीटरों की कार्यप्रणाली पर गंभीर संदेह जताया और जांच करवाने की बात कही। उन्होंने दो टूक कहा कि इन मीटरों की एक सप्ताह के भीतर निष्पक्ष एवं तकनीकी जांच कराई जाए। इसके अलावा प्रशासन, विद्युत विभाग, तकनीकी विशेषज्ञों और आम नागरिकों को शामिल कर एक उच्चस्तरीय टीम का गठन किया जाए। साथ ही जांच पूरी होने तक विवादित और अत्यधिक बिलों की वसूली पर तत्काल रोक लगाने और त्रुटिपूर्ण बिलों का पुनर्मूल्यांकन कर संशोधित बिल जारी किया जाए। वहीं लोगो ने जांच पूरी होने तक नए स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया को रोके जाने की मांग की। ज्ञापन सौंपने वालों में बच्चन डंगी, आनंद अधिकारी, राजेंद्र सुयाल सहित राजपुरा पड़ाव वार्ड-13 व अन्य क्षेत्रों से काफी संख्या में स्थानीय महिलाएं एवं पुरुष उपस्थित रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


