Haldwani News: काठगोदाम रामलीला की तैयारियां तेज, 11 अक्तूबर से होगा मंचन
Haldwani News: हल्द्वानी में काठगोदाम की ऐतिहासिक रामलीला के भव्य मंचन के लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं। रामलीला कमेटी की बैठक में पिछले वर्ष की समीक्षा के बाद नई कार्यकारिणी का गठन किया गया, जिसमें संदीप राणा फिर से अध्यक्ष बने। इस वर्ष पहली बार महिला कार्यकारिणी का भी गठन किया गया है। कलाकारों की तालीम 1 सितंबर से शुरू होगी।

Haldwani News: हल्द्वानी, संवाददाता। काठगोदाम की ऐतिहासिक रामलीला के भव्य मंचन को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। नगर निगम इंटर कॉलेज प्रांगण में आयोजित काठगोदाम रामलीला कमेटी की बैठक में पिछले वर्ष के आयोजन की समीक्षा की गई और इस बार के मंचन को अधिक भव्य, आकर्षक एवं व्यवस्थित बनाने की रूपरेखा तैयार की गई। बैठक में कोषाध्यक्ष की ओर से पिछले वर्ष की आय-व्यय का ब्योरा पेश करने के साथ ही पुरानी कमियों को दूर करने पर मंथन हुआ। बैठक में सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन करते हुए संदीप राणा को पुनः अध्यक्ष चुना गया। अध्यक्ष बनने के बाद संदीप राणा ने कार्यकारिणी का विस्तार किया, जिसमें नीरज बिष्ट, प्रदीप बिष्ट और सोनू बिष्ट को उपाध्यक्ष तथा हिमांशु साही व राजू रावत को सचिव की जिम्मेदारी दी गई।
इसके अलावा आशीष राणा व मुकुल भंडारी उपसचिव, दीप चंद्र तिवारी, धर्म चंद्र व मिथलेश जोशी कोषाध्यक्ष, पान सिंह बिष्ट, कंचन अनेरिया व दीपक नेगी मेला इंचार्ज, मोहन बिष्ट, भुवन तिवारी व कमल कुंवर संचालक और रोहित मालीवाल मंच संचालक मनोनीत किए गए। इस वर्ष कमेटी ने पहली बार महिला कार्यकारिणी का भी गठन किया है, जिसमें भगवती बिष्ट को उपाध्यक्ष, तुलसी चिलवाल को सचिव और पूजा चौधरी को उपसचिव बनाया गया है। अध्यक्ष संदीप राणा ने बताया कि रामलीला मंचन के लिए कलाकारों की तालीम 1 सितंबर से शुरू की जा रही है, जबकि 11 अक्तूबर से मंचन का विधिवत शुभारंभ होगा।


