
फेस पेंटिंग, एपण और मेहंदी में छात्र-छात्राओं का जलवा
हल्द्वानी में राजकीय मेडिकल कॉलेज के पैरामेडिकल छात्रों ने वार्षिकोत्सव 'सृजन-2025' का आयोजन किया। छात्रों ने खेल प्रतियोगिताओं में भाग लिया, जिसमें क्रिकेट, फुटबॉल और बैडमिंटन शामिल थे। सांस्कृतिक कार्यक्रम 'कलाकृति' में मेहंदी और एपण कला का प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम 9 से 14 नवंबर तक चल रहा है।
हल्द्वानी, मुख्य संवाददाता। राजकीय मेडिकल कॉलेज के पैरामेडिकल छात्र-छात्राओं का वार्षिकोत्सव ‘सृजन-2025’ हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। गुरुवार को दिनभर चले आयोजनों में विद्यार्थियों ने जहां खेल के मैदान में जोश और टीम भावना का परिचय दिया, वहीं फेस पेंटिंग, एपण और मेहंदी आदि ‘कलाकृति’ के मंच पर लोक संस्कृति की रंगीन छटा भी बिखेरी। छह दिवसीय कार्यक्रम के अंतिम दिन शुक्रवार को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। खेल प्रतियोगिता ‘वर्चस्व’ के तहत क्रिकेट, फुटबॉल, वॉलीबॉल, कबड्डी, खो-खो और बैडमिंटन की प्रतिस्पर्धाएं हुईं। क्रिकेट में दो सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए। पहले मैच में 2023 बनाम 2025 और दूसरे में 2022 बनाम 2024 बैच के बीच रोमांचक भिड़ंत देखने को मिली।
2022 और 2023 बैच की टीमों ने फाइनल में जगह पक्की की। बैडमिंटन एकल पुरुष वर्ग में अंकित पवार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि सुमन चंद द्वितीय और रितेश रावत तृतीय स्थान पर रहे। सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘कलाकृति’ में विद्यार्थियों ने मेहंदी, एपण कला और फेस पेंटिंग में अपनी रचनात्मकता दिखाई। इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और माता सरस्वती की वंदना के साथ हुआ। पैरामेडिकल विभाग की समन्वयक डॉ. सुचिता पंत ने कहा, एपण हमारी लोक संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है। युवाओं में इसके प्रति बढ़ती रुचि हमारी परंपराओं को नई दिशा दे रही है। सृजन का आयोजन नौ नवंबर से 14 नवंबर तक किया जा रहा है। शुक्रवार को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे। निर्णायक मंडल में डॉ. शैली और डॉ. वंदना रहीं। डॉ. सुचिता पंत, डॉ. वंदना, डॉ. शैली और डॉ. अंशिका सहित अनेक संकाय सदस्य एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




