ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तराखंड हल्द्वानीपंचतत्व में विलिन हुए शहीद सुबेदार यमुना प्रसाद

पंचतत्व में विलिन हुए शहीद सुबेदार यमुना प्रसाद

ड्यूटी के दौरान जम्मू कश्मीर के कुपवाड़ा में शहीद हुए सूबेदार यमुना प्रसाद पनूरू को सैनिक सम्मान के साथ चित्रशिलाघाट पर अंतिम विदाई दी गई। इस दौरान उनके अंतिम दर्शन के लिए सैकड़ों लोग घाट पहुंचे। बड़े...

पंचतत्व में विलिन हुए शहीद सुबेदार यमुना प्रसाद
कार्यालय संवाददाता,हल्द्वानी। Sun, 14 Jun 2020 02:58 PM
ऐप पर पढ़ें

ड्यूटी के दौरान जम्मू कश्मीर के कुपवाड़ा में शहीद हुए सूबेदार यमुना प्रसाद पनूरू को सैनिक सम्मान के साथ चित्रशिलाघाट पर अंतिम विदाई दी गई। इस दौरान उनके अंतिम दर्शन के लिए सैकड़ों लोग घाट पहुंचे। बड़े चंद्र प्रकाश और छोटे भाई भुवन चंद्र ने शहीद की चिता को मुखाग्नि दी। इस दौरान जब तक सूरज चांद रहेगा, यमुना तेरा नाम रहेगा और भारत माता की जय के नारे लगाकर लोगों ने शहीद को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान शहीद के आठ वर्षीय बेटे यश पनूरू ने भी पिता के अंतिम दर्शन में उन्हें सैल्यूट कर सलामी दी।

भारतीय सेना की छह कुमाऊं रेजीमेंट में तैनात एवरेस्ट विजेता यमुना प्रसाद पनूरू का पार्थिव शरीर रविवार सुबह 6.45 बजे हल्द्वानी तिकोनिया स्थित आर्मी कैंट से सेना के वाहन से गोरापड़ाव स्थित शहीद के घर लाया गया। तिरंगे में लिपटे पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन को शहीद घर में लोगों की भीड़ जुटी रही। शहीद का पार्थिव शरीर देखते ही मां, माहेश्वरी देवी, पत्नी ममता पनूरू बेसुध हो गईं। पड़ोसियों और रिश्तेदारों ने उन्हें ढाढस बंधाया। 7:38 बजे शहीद यमुना की अंतिम यात्रा चित्रशिला घाट के लिए निकली। इस दौरान उनके पीछे बड़ी संख्या में लोगों का हुजूम उमड़ आया।

आठ बजे करीब तिकोनिया आर्मी कैंट और 6 कुमाऊं के जवान पार्थिव शरीर लेकर चित्रशिला घाट पहुंचे। शहीद के घर से घाट तक ‘भारत माता की जय और ‘जब तक सूरज चांद रहेगा, यमुना तेरा नाम रहेगा जैसे नारे लगते रहे। घाट पर सैन्य सम्मान के साथ जवानों ने शहीद यमुना को सशस्त्र सलामी दी। यहां स्टेंशन कमांडर कर्नल अमित मोहन, जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास बोर्ड अधिकारी कैप्टन आरएस धपोला (रिटायर्ड), कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य, विधायक राम सिंह कैड़ा, डीएम सविन बंसल, एसएसपी सुनील कुमार मीणा, एसडीएम विवेक राय, सीओ शांतनु पारासर समेत 6 कुमाऊं के पूर्व सैनिकों ने शहीद को श्रद्धांजलि दी। वहीं शहीद के घर में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत और लालकुआं विधायक नवीन दुम्का ने ढांढस बधाया।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें