मैराथन में नीरज नेगी और पुष्पा बिष्ट ने मारी बाजी
संक्षेप: मंत्री रेखा आर्या ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह मंत्री रेखा आर्या ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
हल्द्वानी, संवाददाता। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड लालकुआं की ओर से गौलापार स्टेडियम में आयोजित मैराथन में पुरुष वर्ग में नीरज नेगी और महिला वर्ग में पुष्पा बिष्ट ने बाजी मारी। इस मैराथन में 497 धावकों ने भाग लिया, जिनमें 195 महिलाएं और 302 पुरुष शामिल रहे। विजेताओं को नकद राशि और आंचल दुग्ध उत्पादों से सम्मानित किया गया। राज्य स्थापना दिवस के रजत जयंती समारोह के अवसर पर शनिवार को गौलापार अंर्तराष्ट्रीय स्टेडियम में आंचल उत्तराखण्ड का स्वाद, आंचल दूध के साथ थीम पर भव्य मैराथन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ खेल मंत्री रेखा आर्या और संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि आंचल मैराथन जैसी प्रतियोगिताएं युवाओं में स्वास्थ्य, अनुशासन और खेल भावना को बढ़ावा देती हैं। उन्होंने घोषणा की कि यह आयोजन अब हर वर्ष 8 नवंबर को नियमित रूप से किया जाएगा। मंत्री ने विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कृत करते हुए कहा कि खेल के क्षेत्र में उत्तराखण्ड को देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए युवाओं को कड़ी मेहनत करनी होगी। सरकार खिलाड़ियों को हर संभव सहयोग प्रदान कर रही है। प्रदेश के लिए पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न नौकरी और सरकारी नौकरियों में 4 प्रतिशत आरक्षण का लाभ दिया जा रहा है। संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि आंचल सदैव युवाओं में ऊर्जा और खेल भावना को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है। संचालन संजय सिंह भाकुनी ने किया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक नवीन दुम्का, दीपेंद्र कोश्यारी, गोपाल गंगोला, अशोक कुमार जोशी, अनुराग शर्मा सहित अनेक गणमान्य मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




