मानवाधिकार संरक्षण को मंथन, संगठन विस्तार की रणनीति तय

Jan 13, 2026 07:15 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, हल्द्वानी
share Share
Follow Us on

हल्द्वानी में राष्ट्रीय मानवाधिकार एसोसिएशन की बैठक हुई, जिसमें मानवाधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और संगठन को मजबूत करने पर चर्चा की गई। प्रदेश सचिवों ने अधिकारों की रक्षा और महिलाओं के अधिकारों के प्रति सजगता की आवश्यकता को बताया। बैठक में संगठन के विस्तार और कार्ययोजना पर विचार किया गया।

मानवाधिकार संरक्षण को मंथन, संगठन विस्तार की रणनीति तय

हल्द्वानी, मुख्य संवाददाता। मानवाधिकारों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय मानवाधिकार एसोसिएशन, जिला नैनीताल की बैठक मंगलवार को सरस्वती शिशु मंदिर, किशनपुर गौलापार में हुई। संगठन के विस्तार, भावी योजनाओं और मानवाधिकार संरक्षण से जुड़े मुद्दों पर गहन चर्चा हुई। बैठक की शुरुआत संगठन के अब तक के कार्यों की समीक्षा और भविष्य की कार्ययोजना पर विचार-विमर्श के साथ हुई। प्रदेश सचिव कुंदन सिंह जीना ने मानवाधिकार संरक्षण में संगठन की जिम्मेदारियों को रेखांकित किया। प्रदेश सचिव ललित मोहन परगांई ने आमजन को अधिकारों के प्रति जागरूक करने की आवश्यकता बताई।

प्रदेश उपाध्यक्ष बेबी साहनी ने कहा कि महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति सजग करना समय की आवश्यकता है। केंद्रीय हिंदी सलाहकार समिति का सदस्य बनने पर प्रदेश अध्यक्ष डॉ. माधव प्रसाद त्रिपाठी का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। उन्होंने संगठन को प्रदेश स्तर से न्याय पंचायत और ग्राम स्तर तक विस्तारित करने की रणनीति साझा की। उन्होंने कहा कि मानवाधिकार संरक्षण तभी प्रभावी होगा जब संगठन की उपस्थिति अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। संगठनात्मक मजबूती के तहत विनोद कुमार को ब्लॉक अध्यक्ष भीमताल, सुंदर सिंह बिष्ट को जिला महामंत्री व कुमारी बीना बिष्ट को जिला सचिव नियुक्त किया गया। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष डॉ. माधव प्रसाद त्रिपाठी ने की जबकि संचालन जिला अध्यक्ष दीवान सिंह ने किया।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।