Haldwani News: हल्द्वानी में नगर निगम की दुकानें होंगी दोमंजिला
Haldwani News: हल्द्वानी नगर निगम अपनी व्यावसायिक संपत्तियों का विस्तार कर रहा है, जिसके तहत दुकानों को दोमंजिला बनाया जाएगा। इससे दुकानदारों को अतिरिक्त जगह मिलेगी और निगम के राजस्व में वृद्धि होगी। इच्छुक व्यापारियों को आवेदन देना होगा और पारदर्शी लॉटरी प्रणाली के तहत नई दुकानों का आवंटन होगा।

Haldwani News: देवेन्द्र रौतेला हल्द्वानी। नगर निगम अपनी व्यावसायिक संपत्तियों का विस्तार करने जा रहा है। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में बनी निगम की दुकानों को दोमंजिला किया जाएगा। इससे दुकानदारों को अतिरिक्त जगह मिलेगी और निगम के राजस्व में भी बढ़ोतरी होगी।
हल्द्वानी में दुकानें
हल्द्वानी के अलग-अलग क्षेत्रों में नगर निगम की 1250 दुकानें हैं। इनमें कपड़ा, जूता, इलेक्ट्रॉनिक, स्टेशनरी और खाद्य सामग्री से जुड़ी व्यावसायिक गतिविधियां संचालित हो रही हैं। जगह की कमी से व्यापारी अतिरिक्त गोदाम या शोरूम नहीं खोल पा रहे हैं। उन्हें भंडारण और बिक्री दोनों में परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसके समाधान के लिए निगम ने कवायद शुरू कर दी है। किरायेदार व्यापारियों से दो मंजिला निर्माण को लेकर प्रस्ताव मांगे गए हैं।
आवेदन प्रक्रिया
इच्छुक दुकानदारों को निगम में आवेदन देना होगा। स्वीकृति मिलने पर उन्हें अतिरिक्त स्थान के लिए निर्धारित किराया अदा करना पड़ेगा। वहीं जिन दुकानों की छत तक पहुंचने के लिए पर्याप्त रास्ता उपलब्ध है, वहां निगम स्वयं दुकानों का निर्माण कराएगा। निर्माण पूरा होने के बाद नई दुकानों का आवंटन पारदर्शी लॉटरी प्रणाली के माध्यम से किया जाएगा। जिससे जरूरतमंद व्यापारियों को दुकान लेने के लिए समान अवसर मिल सके। जिन स्थानों पर रास्ते की दिक्कत है वहां मौजूदा किरायेदार अपने स्तर पर निर्माण कर सकेंगे। इसके लिए उन्हें निगम से नियमानुसार स्वीकृति लेनी होगी.
निगम प्रबंधन की योजना
निगम प्रबंधन के अनुसार नई दुकानों के बनने से एक ओर व्यापार को बढ़ावा मिलेगा, वहीं दूसरी ओर निगम की आय में बढ़ोतरी होगी। जिससे शहर की सफाई, प्रकाश और अन्य मूलभूत सुविधाओं के लिए बजट की दिक्कत का समाधान होने की उम्मीद है। नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने बताया कि दुकानों को दोमंजिला किया जाना प्रस्तावित है। इसके लिए आवेदन मांगे जा रहे हैं.
किराया वसूली
दो मंजिला बनी दुकानों को देना होगा किराया। नगर निगम की कई दुकानों को व्यापारियों ने पहले ही दोमंजिला बना दिया है। इनका अभी तक निगम में किराया जमा नहीं हो रहा है। अब निगम इनका चिह्नीकरण कर किराया वसूलने जा रहा है। वहीं वर्कशॉप लाइन, काठगोदाम सहित अन्य क्षेत्रों में दुकानों की छत तक पहुंचने के लिए पर्याप्त रास्ता उपलब्ध होने पर बनाई जाने वाली दुकानें नई दरों पर किराए में मिलेंगी.


