Haldwani News: मंगल पड़ाव में 91 करोड़ की लागत से बनेगा व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स
Haldwani News: हल्द्वानी में 91 करोड़ की लागत से पुरानी जर्जर दुकानों को तोड़कर आधुनिक व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स बनाया जाएगा। नगर निगम ने डीपीआर शासन को भेज दी है। इस नए कॉम्प्लेक्स में 212 दुकानें होंगी और नगर निगम का उद्देश्य क्षेत्र को व्यवस्थित और सुंदर बनाना है।

Haldwani News: हल्द्वानी, कार्यालय संवाददाता। मंगल पड़ाव में पुरानी जर्जर दुकानों को तोड़कर 91 करोड़ की लागत से आधुनिक व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स बनाया जाएगा। नगर निगम ने इसके लिए डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) शासन को भेज दी है। मंगलपड़ाव से सिंधी चौराहे तक नगर निगम की दुकानों को किराए पर लेकर व्यापारी कारोबार करते हैं। वर्षों पहले बनाई गई तंग दुकानों और भीड़भाड़ वाला इलाका होने से यहां कई तरह की दिक्कतें बनी रहती हैं। इसके समाधान के लिए नगर निगम छह मंजिला व्यावसायिक भवन बनाने की तैयारी कर रहा है। निचले दो तल में वाहनों के लिए पार्किंग बनाई जाएगी। वहीं प्रथम दो तल में दुकानों का निर्माण होगा। ऊपरी दो तलों में बड़े हॉल बनाए जाएंगे। इनका उपयोग सामाजिक, सांस्कृतिक और व्यावसायिक आयोजनों के लिए किया जा सकेगा। इससे मंगल पड़ाव क्षेत्र नए व्यापारिक केंद्र के रूप में विकसित होगा। नगर निगम के अनुसार नए व्यावसायिक भवन के बनने से मंगल पड़ाव की पुरानी अव्यवस्था दूर होगी और क्षेत्र अधिक व्यवस्थित व सुंदर बनेगा। पार्किंग और यातायात व्यवस्था को भी सुगम बनाने में मदद मिलेगी。
दो एकड़ में बनेगा
नगर निगम का प्रस्तावित व्यावसायिक भवन दो एकड़ (आठ हजार वर्गमीटर) क्षेत्रफल में फैला होगा। इसके लिए होलिका ग्राउंड (सिंधी चौराहा) से आंबेडकर पार्क (मंगलपड़ाव) की जगह चिह्नित की गई है। इसके लिए यहां बनी 122 दुकानों को हटाया जाएगा।
212 दुकानों का होगा निर्माण
नए व्यावसायिक भवन में 212 दुकानों का निर्माण प्रस्तावित है। निर्माण कार्य के लिए हटाई जाने वाली दुकानों के प्रभावितों को प्राथमिकता के आधार पर सबसे पहले दुकानों का आवंटन किया जाएगा। इसके बाद अन्य को दुकानें नगर निगम नियमानुसार किराए पर देगा।
मंगल पड़ाव में व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स बनाने के लिए डीपीआर शासन को भेज दी है। इसकी मंजूरी मिलते ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
परितोष वर्मा, नगर आयुक्त नगर निगम हल्द्वानी


