Haldwani News: हल्द्वानी में लावारिस पशुओं में लंपी का कहर, एक बछड़े की मौत से हड़कंप

हिन्दुस्तान, हल्द्वानी
Follow us on Google News
share

Haldwani News: हल्द्वानी में 12 सैंपलों में से 3 गोवंशीय पशुओं में लंपी संक्रमण की पुष्टि हुई है। गोविंदपुर के एक लावारिस बछड़े की मौत हो गई। पशुपालन विभाग ने संक्रमित पशुओं को आइसोलेट कर दिया है और अब 30 नए सैंपलों की जांच की जा रही है। बाहरी पशुओं में लंपी वायरस के लक्षण भी देखे जा रहे हैं।

Haldwani News: हल्द्वानी में लावारिस पशुओं में लंपी का कहर, एक बछड़े की मौत से हड़कंप

Haldwani News: हल्द्वानी, मुख्य संवाददाता। नैनीताल जिले से भेजे गए 12 सैंपलों में तीन गोवंशीय पशुओं में लंपी संक्रमण की पुष्टि हुई है। इनमें राजपुरा की गोशाला के दो और गोविंदपुर कबड़वाल का एक लावारिस पशु शामिल है। संक्रमण की चपेट में आए गोविंदपुर के करीब चार माह के बछड़े की मौत हो गई। अब एक साथ तीन पशुओं के पॉजिटिव मिलने और इनमें से एक की मौत के बाद पशुपालन विभाग में भी हड़कंप मचा हुआ है। विभाग की टीमें संक्रमित पशुओं के संपर्क और उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। हल्द्वानी में शहर में जेल रोड और कमलुवागांजा में घूम रहे लावारिस गोवंशीय पशुओं में लंपी वायरस के संदिग्ध लक्षण दिखे थे। इसके बाद पशुपालन विभाग ने बीते 24 अगस्त को पहली बार में संदिग्ध लक्षण दिखने वाले 12 पशुओं के सैंपल जांच के लिए भेजे थे। जिसमें यह सभी सैंपल राजपुरा की गोशाला और गोविंदपुर कबड़वाल से लिए गए थे। अब विभाग को भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आईवीआरआई) बरेली से पशुओं की रिपोर्ट मिली है। जिसमें तीन पशु संक्रमित मिले हैं। विभाग ने संक्रमित पशुओं को अन्य से अलग कर आइसोलेट कर इलाज शुरू कर दिया गया है। वहीं रिपोर्ट आने के बाद विभाग की ओर से 30 पशुओं के सैंपल जांच के लिए बरेली दोबारा भेजे गए हैं.

गोशाला के दूसरे पशुओं को बना खतरा

संक्रमित पशुओं की जानकारी सामने आने के बाद विभाग ने एहतियाती कदम तेज कर दिए हैं। गोशाला में मौजूद पशुओं का टीकाकरण कराया जा रहा है और उनकी निगरानी बढ़ा दी गई है। अधिकारियों की चिंता इसलिए भी बढ़ गई है क्योंकि गोशाला में बड़ी संख्या में पशु एक साथ रहते हैं। ऐसे में संक्रमित पशुओं के संपर्क में आने से दूसरे पशुओं में भी वायरस फैलने का खतरा बना हुआ है.

लक्षण दिखने पर पशुओं को तुरंत अलग करें पशुपालक

पशुपालन विभाग ने पशुपालकों और गोशाला संचालकों से संक्रमित अथवा संदिग्ध पशुओं को दूसरे पशुओं से अलग रखने की अपील की है। पशुओं के आसपास नीम का धुआं करने और नीम की पत्तियां खिलाने की सलाह भी दी गई है। साथ ही पशुओं में शरीर पर गांठें, बुखार, सुस्ती, भूख कम होना या त्वचा पर घाव जैसे लक्षण दिखाई देने पर तत्काल पशु चिकित्सकों को सूचना देने को कहा गया है.

लंपी वायरस से ऐसे रहें सावधान

संक्रमित या संदिग्ध पशु को तुरंत स्वस्थ पशुओं से अलग रखें.

पशुओं में बुखार, सुस्ती, भूख कम होना और शरीर पर गांठें दिखें तो तुरंत पशु चिकित्सक को सूचना दें.

गोशाला में पशुओं की नियमित निगरानी और साफ-सफाई रखें.

पशुओं के टीकाकरण में लापरवाही न करें.

संक्रमित पशुओं के संपर्क में आने वाले पशुओं पर विशेष नजर रखें.

पशुओं के आसपास नीम का धुआं करने और नीम की पत्तियां खिलाने की विभागीय सलाह का पालन करें.

लावारिस या बीमार पशु दिखाई देने पर संबंधित पशु चिकित्सा विभाग को सूचना दें.

गोशालाओं के 25 पशुओं में मिले लंपी रोग के लक्षण

हल्द्वानी। नगर निगम की गोशाला में रखे पशुओं में लंपी वायरस के लक्षण मिलने से हड़कंप मच गया है। गोशाला में 25 पशुओं में लंपी रोग के लक्षण पाए गए हैं। सभी रोगग्रस्त जानवरों को आइसोलेट कर सैंपल जांच के लिए भेजा गया है। एक साथ इतने पशुओं में लक्षण मिलने से गोशाला में रखे एक हजार से ज्यादा पशुओं के लिए खतरा बढ़ गया है.

नगर निगम की गोशाला में सड़कों से पकड़े गए निराश्रित पशुओं को रखा जाता है। वर्तमान में यहां एक हजार से अधिक गोवंश मौजूद हैं। पिछले दो दिनों से कई पशुओं के शरीर पर गांठें और बुखार के लक्षण देखे गए थे। पशु चिकित्सक को बुलाकर जांच कराई गई तो राजपुरा गोशाला में दो और गंगापुर कबड़वाल की गोशाला में 23 पशुओं में लंपी रोग के लक्षण पाए गए। इसके बाद इन्हें हल्दूचौड़ में निर्माणाधीन पशु चिकित्सालय में आइसोलेट किया गया है। पशुपालन विभाग ने संदिग्ध पशुओं के सैंपल जांच के लिए भेजे हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने बताया कि संदिग्ध पशुओं को आइसोलेट कर दिया गया है। गोशाला में अतिरिक्त सावधानी बरती जा रही है.

जिले के हल्द्वानी में तीन पशुओं में लंपी वायरस की पुष्टि हुई है। जिसमें एक लावारिस चार वर्षीय बछड़े की मौत हो गई है। संक्रमित पशुओं को अलग कर आइसोलेट कर दिया गया है। वहीं लावारिस पशुओं की निगरानी बढ़ाने के साथ ही टीकाकरण तेज कर दिया गया है। -डॉ. राजीव सिंह, मुख्य पशुचिकित्साधिकारी, नैनीताल

सामान्य प्रश्न

हल्द्वानी में कितने गोवंशीय पशुओं में लंपी वायरस की पुष्टि हुई है?
हल्द्वानी में 12 सैंपलों में से 3 गोवंशीय पशुओं में लंपी संक्रमण की पुष्टि हुई है।
Hindustan | Bureau

लेखक के बारे में

Hindustan | Bureau

हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्‍यों सह‍ित देश की राजधानी द‍िल्‍ली और एनसीआर (नोएडा, गाज‍ियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्‍करण प्रकाश‍ित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपर‍ि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद व‍िस्‍तार से न्‍यूज र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi Newsउत्तराखंड न्यूज़हल्द्वानीHaldwani News: हल्द्वानी में लावारिस पशुओं में लंपी का कहर, एक बछड़े की मौत से हड़कंप