Haldwani News: वाहनों से तेल चोरी करते युवक को पकड़ा
Haldwani News: नैनीताल के शेर का डांडा क्षेत्र में स्थानीय लोगों ने शुक्रवार शाम एक युवक को तेल चोरी करते रंगे हाथ पकड़ा। युवक को पीटकर पुलिस को सौंप दिया गया। सीसीटीवी कैमरों की मदद से संदिग्ध युवकों की पहचान की गई थी। वाहन मालिकों ने बार-बार हुई चोरी की शिकायतें की हैं।

Haldwani News: नैनीताल। शेर का डांडा क्षेत्र में वाहनों से लगातार हो रही तेल चोरी की घटनाओं से परेशान स्थानीय लोगों ने शुक्रवार देर शाम एक युवक को तेल चोरी करते रंगे हाथ पकड़ लिया। लोगों ने उसकी पिटाई के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया। इस दौरान उसके अन्य साथी मौके से फरार हो गए। मल्लीताल स्थित सीआरएसटी इंटर कॉलेज के समीप खड़े टैक्सी, बाइक और निजी वाहनों से पिछले कुछ समय से तेल चोरी की शिकायतें सामने आ रही थीं। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाकर निगरानी शुरू की थी। शुक्रवार देर शाम कुत्तों के भौंकने की आवाज सुनकर लोगों ने सीसीटीवी में संदिग्ध युवकों को देखा।
इसी दौरान युवक एक वाहन की तेल टंकी खोलकर तेल निकालने का प्रयास कर रहे थे। स्थानीय लोगों ने घेराबंदी कर एक युवक को पकड़ लिया, जबकि उसके साथी भाग निकले। वाहन स्वामी दीपा बिष्ट ने बताया कि उनकी गाड़ी से पहले भी तीन से चार बार तेल चोरी हो चुका है। बाइक टैक्सी चालक अर्जुन बिष्ट ने बताया कि पकड़े गए युवक के पास करीब पांच लीटर का डिब्बा और दस लीटर की केन मिली, जिसमें तेल भरा था। कोतवाल राजेंद्र रावत ने बताया कि युवक का चिकित्सकीय परीक्षण कराने के बाद उसे हिरासत में लिया गया है। उससे पूछताछ कर उसके अन्य साथियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।


