Haldwani News: एमबीपीजी कॉलेज के छात्र नेताओं का शक्ति प्रदर्शन
Haldwani News: कुमाऊं विश्वविद्यालय की ओर से छात्र संघ चुनाव की तिथि घोषित होते ही हल्द्वानी में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। कॉलेज परिसर में छात्रों ने ताकत दिखाई और यातायात व्यवस्था बाधित हुई। चुनाव की तिथि 29 सितंबर तय की गई है, जिससे प्रत्याशियों की चिंता बढ़ गई है।

Haldwani News: हल्द्वानी, वरिष्ठ संवाददाता। कुमाऊं विश्वविद्यालय की ओर से छात्र संघ चुनाव की तिथि घोषित करते ही एमबीपीजी कॉलेज परिसर से लेकर शहर की मुख्य सड़कों तक चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। शुक्रवार को कॉलेज परिसर में सुबह से दोपहर तक छात्रों ने ताकत दिखाई। इस दौरान नियमों का उल्लंघन भी होता दिखा। छात्र नेताओं ने पहले कॉलेज परिसर में जूलूस निकाला फिर बाहर नैनीताल रोड पर शक्ति प्रदर्शन किया। इस दौरान यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई और सड़क पर जाम भी लग गया। रैली के दौरान नियमों की धज्जियां उड़ाई गईं। छात्र नेता बिना हेलमेट के दोपहिया वाहनों पर फर्राटा भरते नजर आए। मौके पर पुलिस बल तैनात रहा, लेकिन नियमों का उल्लंघन करने वाले छात्रों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। गौरतलब है कि इस बार कॉलेज में अध्यक्ष समेत विभिन्न पदों पर 10 से अधिक दावेदार चुनाव प्रचार कर रहे हैं。
दावेदारों की चिंता बढ़ी
कुमाऊं विवि ने चुनाव की तिथि 29 सितंबर तय की है। ऐसे में प्रत्याशियों को चुनाव प्रचार के लिए काफी लंबा वक्त मिल गया है। हालांकि, समय मिलने से खुश होने के बजाय छात्र नेताओं की चिंता बढ़ गई है। उनका कहना है कि मतदान में देरी के कारण अब प्रचार अभियान लंबा खींचना पड़ेगा, जिससे अतिरिक्त वित्तीय बोझ पड़ेगा।
स्नातक प्रथम सेमेस्टर के आईकार्ड जारी
एमबीपीजी कॉलेज प्रशासन ने स्नातक प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश लेने वाले छात्र-छात्राओं की सुविधा के लिए पहचान पत्र जारी कर दिए हैं। प्राचार्य डॉ. एनएस बनकोटी ने बताया कि प्रथम सेमेस्टर के सभी छात्रों के आईकार्ड कॉलेज की वेबसाइट पर अपलोड कर दिए गए हैं। छात्र पोर्टल पर जाकर अपना आईकार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।


