निगम में सफाई कर्मियों की बायोमेट्रिक हाजिरी अनिवार्य हो: कमिश्नर
संक्षेप: कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत ने हल्द्वानी में जन सुनवाई के दौरान सफाई कर्मचारियों की समस्याओं को सुना। उन्होंने अधिकारियों को बायोमेट्रिक हाजिरी अनिवार्य करने के निर्देश दिए। म्यूजिक छात्रों ने नंबरों में भेदभाव का आरोप लगाया, जिस पर आयुक्त ने संबंधित शिक्षकों को अगली सुनवाई में बुलाया।
हल्द्वानी, मुख्य संवाददाता। कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत ने शनिवार को कैम्प कार्यालय हल्द्वानी में लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने हल्द्वानी नगर निगम की लगातार मिल रही शिकायतों पर अधिकारियों से सफाई कर्मचारियों की बायोमेट्रिक हाजिरी अनिवार्य करने के निर्देश दिए। जन सुनवाई के दौरान नगर निगम से पहुंची महिला सफाईकर्मी ने शिकायत की कि कई सफाईकर्मी दूसरी पाली में सफाई करने नहीं आते हैं। आरोप लगाया कि सुपरवाइजर छुट्टी लेने पर लोगों से पैसे मांगते हैं। सुपरवाइजर ने अपने बेटे को सफाईकर्मी की नौकरी दे दी है। आरोप है कि उनका बेटा सफाई कार्य करने के बजाए सुपरवाजर का कार्य करता है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए आयुक्त ने निगम के अधिकारियों को वार्डों में सफाईकर्मियों की बायोमेट्रिक हाजिरी अनिवार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि सफाई कर्मियों की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान किया जाए। जनसुनवाई के दौरान एमबीपीजी कॉलेज से पहुंचे म्यूजिक के छात्रों ने बताया कि तकनीकी रूप से दक्ष होने के बावजूद इन्हें 20-20 नंबर मिले हैं। जबकि एक कमजोर छात्र को 40 नंबर दिए गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि म्यूजिक शिक्षक से कोचिंग लेने पर इस छात्र को अच्छे नंबर दिए गए हैं। मामले में आयुक्त ने कॉलेज के म्यूजिक शिक्षक और प्राचार्य को अगली सुनवाई में उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं। जन सुनवाई के दौरान आयुक्त ने अनेक शिकायतों और जनसमस्याओं का निस्तारण मौके पर ही किया। जिन मामलों में तत्काल समाधान संभव नहीं था, उनके लिए अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा में कार्यवाही पूर्ण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहते हुए पारदर्शी, त्वरित और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




