गढ़ में नशा मिलाकर पिलाई चाय, रामपुर में एटीएम से रुपये निकाले
- काठगोदाम रोडवेज बस में बीती दस फरवरी को हुई थी वारदात - गढ़मुक्तेश्वर के

- आईटी पेशेवर को बेहोशी की हालत में उतारा, खाते से उड़ा दिए एक लाख रुपये बड़ा खुलासा : हल्द्वानी, मुख्य संवाददाता। तीन दिन पहले दिल्ली से भीमताल आ रहे पिथौरागढ़ निवासी युवक के साथ रोडवेज बस यात्रा के दौरान जहरखुरानी और लूट की सनसनीखेज वारदात में अहम सुराग हाथ लगे हैं। यूपी के गढ़ मुक्तेश्वर स्थित अधिकृत शिवम ढाबे के सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध युवक द्वारा नशीली चाय पिलाने का खुलासा हुआ है। परिवहन विभाग ने फुटेज पुलिस को सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। दिल्ली की एक आईटी कंपनी में कार्यरत गणाई गंगोली, पिथौरागढ़ निवासी पंकज पांडे बीती 10 फरवरी की रात भीमताल में रिश्तेदारी की शादी में शामिल होने के लिए काठगोदाम डिपो की रोडवेज बस यूके-07/पीए-4201 से रवाना हुआ था।
यात्रा के दौरान अज्ञात युवक ने उसे चाय ऑफर की। चाय पीते ही पंकज बेहोश हो गया। बेहोशी का फायदा उठाकर उसका पर्स, एटीएम कार्ड, मोबाइल फोन और नकदी लूट ली गई। इतना ही नहीं, उसके मोबाइल के माध्यम से बैंक खाते से एक लाख रुपये का ऑनलाइन ट्रांजेक्शन भी कर दिया गया। 11 फरवरी की सुबह हल्द्वानी पहुंचने पर कंडक्टर द्वारा उसे शीशमहल क्षेत्र के पास उतार दिया गया। राहगीरों ने बेहोश युवक को देख पुलिस को सूचना दी। काठगोदाम डिपो के एआरएम गणेश पंत के अनुसार गढ़मुक्तेश्वर के अधिकृत शिवम ढाबे की सीसीटीवी फुटेज खंगाली, जिसमें एक युवक पंकज के लिए चाय लाते और उसमें अतिरिक्त चीनी डलवाते दिखाई दिया। आशंका है कि नशीला पदार्थ पहले ही मिला दिया गया था। इस फुटेज को देखने के बाद पंकज पांडे ने भी संदिग्ध जहरखुरान की पुष्टि कर ली है। पीड़ित परिवार ने फुटेज स्थानीय पुलिस को सौंप दी गई है। ------------------------------- पंकज तीन दिन बाद अस्पताल से डिस्चार्ज जहरखुरानी का शिकार बने आईटी पेशेवर पंकज पांडे को गंभीर हालत में परिजनों ने सेंट्रल हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। तीन दिन तक चले उपचार के बाद पंकज की तबीयत में सुधार है, जिसे अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है। --------------------------- सफर में जहरखुरानी से ऐसे बचें अनजान व्यक्ति से खाने-पीने की वस्तु न लें। मोबाइल और एटीएम पिन गोपनीय रखें। संदिग्ध गतिविधि तुरंत कंडक्टर या पुलिस को बताएं। रात की यात्रा में सतर्क रहें, सहयात्रियों पर नजर रखें। आपातकालीन नंबर फोन में सेव रखें।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



