हल्द्वानी में सोने-चांदी की घटती खरीदारी से कारीगरों पर मंडराया संकट
केंद्र सरकार द्वारा सोने पर आयात शुल्क बढ़ाए जाने के बाद हल्द्वानी के सर्राफा बाजार में खरीदारी लगभग ठप हो गई है। सोने की कीमतें 1.66 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गई हैं, जिससे ज्वेलर्स और आभूषण कारीगरों पर बुरा असर पड़ा है। कई कारीगरों को काम नहीं मिल रहा है।

पूनम मौर्या, हल्द्वानी। केंद्र सरकार द्वारा सोने पर आयात शुल्क बढ़ाए जाने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के बाद हल्द्वानी के सर्राफा बाजार में बड़ा असर देखने को मिल रहा है। सोने-चांदी की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से बाजार में खरीदारी लगभग ठप हो गई है, जिसका सीधा असर ज्वेलर्स और आभूषण कारीगरों पर पड़ रहा है। वर्तमान में सोने का भाव करीब 1.66 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया है।
सोने पर आयात शुल्क में वृद्धि
कुमाऊं ज्वेलर्स के मालिक राजीव वर्मा ने बताया कि पहले सोने पर आयात शुल्क 6 प्रतिशत था, जिसे बढ़ाकर अब 15 प्रतिशत कर दिया गया है। शुल्क बढ़ने के बाद सोने के दामों में भारी उछाल आया है। उन्होंने कहा कि पिछले तीन दिनों से उनके शोरूम में ग्राहकों की “जीरो वॉकिंग” रही है। जिसका असर कारोबारियों के साथ-साथ कारीगर पर भी पड़ रहा हैं। कारीगर मधुसूदन ने बताया कि वह पिछले 24 वर्षों से सोने के आभूषण बनाने का काम कर रहे हैं। वे हल्द्वानी के बड़े प्रतिष्ठानों जैसे कुमाऊं ज्वेलर्स, सोना चांदी, सुरेश ज्वेलर्स, सुरेश संस और सरन ज्वेलर्स के लिए आभूषण तैयार करते हैं। उनके पास वर्तमान में 25 कारीगर काम करते हैं, जो कलकत्ता, यूपी, खटीमा और सितारगंज से आकर परिवार सहित हल्द्वानी में रह रहे हैं। उन्होंने बताया कि मोदी के बयान के बाद सोने की खरीदारी काफी कम हो गई है, जिससे काम नहीं मिल रहा और अब कुछ कारीगरों को हटाने पर विचार करना पड़ रहा है।
छोटे कारीगरों का कहना
कारीगर राजू ने कहा कि वह पिछले 15 वर्षों से इस काम में हैं और उनकी कमाई पूरी तरह आर्डर पर निर्भर करती है। वहीं कारीगर कुटुंब ने बताया कि वह कलकत्ता के रहने वाले हैं और हल्द्वानी में किराये पर परिवार के साथ रहते हैं। उन्हें कमीशन के आधार पर भुगतान मिलता है। 50 ग्राम सोने के आर्डर पर करीब 10 हजार रुपये मेहनताना मिलता है, लेकिन अब आर्डर न मिलने से रोजी-रोटी पर संकट खड़ा हो गया है।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


