Haldwani News: अवैध कट बंद करने और सड़क चौड़ीकरण में तेजी लाने की मांग
Haldwani News: हल्दूचौड़ क्षेत्र में जनसमस्याओं के समाधान के लिए पूर्व मंत्री हरीश चन्द्र दुर्गापाल के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने एनएचएआई के परियोजना निदेशक से मुलाकात की। उन्होंने सड़क पर कट खोलने और अव्यवस्थित कटों को बंद करने की मांग की, ताकि किसानों और स्थानीय लोगों को आवागमन में कोई परेशानी न हो।
Haldwani News: लालकुआं। हल्दूचौड़ क्षेत्र की जनसमस्याओं को लेकर बुधवार को पूर्व कैबिनेट मंत्री हरीश चन्द्र दुर्गापाल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल एनएचएआई के परियोजना निदेशक अंशुल जिंदल से मिला। उन्हें ज्ञापन सौंपकर एनएच-109 पर जनता की सुविधा और सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक स्थानों पर कट खोलने, अवैज्ञानिक एवं दुर्घटना का कारण बन रहे कटों को बंद करने, सड़क चौड़ीकरण में तेजी लाने व पेराई सत्र से पहले गन्ना किसानों की समस्याओं का समाधान कराने की मांग की गई। ज्ञापन में कहा गया कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर कई स्थानों पर कटों की वर्तमान व्यवस्था वैज्ञानिक नहीं है। इससे स्थानीय लोगों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और किसानों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं कई स्थानों पर अव्यवस्थित कट सड़क दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं। कहा कि गन्ने से लदे वाहनों के सुचारु आवागमन की व्यवस्था समय रहते सुनिश्चित की जाए, ताकि किसानों को अपनी उपज चीनी मिल तक पहुंचाने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। हल्दूचौड़ क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग के चौड़ीकरण कार्य को शीघ्र पूरा कराने का भी आग्रह किया गया। ज्ञापन सौंपने वालों में उमेश चन्द्र कबडवाल, किसान कांग्रेस के प्रदेश महासचिव हेमवती नन्दन दुर्गापाल, कैलाश बमेटा, जीवन कबडवाल, बसन्त जोशी, मनोज बिष्ट, नरेन्द्र सिंह आदि भी शामिल रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


