
पुराने वार्डों में बदलेगी जर्जर पेयजल लाइन, बढ़ेगी जलापूर्ति
हल्द्वानी में पेयजल संकट से निपटने के लिए नगर निगम पुराने 33 वार्डों में जर्जर पेयजल लाइनों को बदलने और तीन नए फिल्टर प्लांट लगाने जा रहा है। 154.13 करोड़ की लागत से नई पाइपलाइन बिछाई जाएगी और नए...
हल्द्वानी। पेयजल संकट से जूझ रहे लोगों के लिए अच्छी खबर है। नगर निगम के पुराने 33 वार्डों में जर्जर हुई पेयजल लाइनें जल्द ही बदली जाएंगी। साथ ही पेयजल आपूर्ति बढ़ाने के लिए तीन नए फिल्टर प्लांट बनाए जाएंगे। इसके लिए जल निगम ने 154.13 करोड़ की लागत की टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसकी प्रक्रिया पूरे होते ही निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। हल्द्वानी में सालभर पेयजल का संकट बना रहता है। चार दशक पहले बिछीं पेयजल लाइनें अब जर्जर हाल हैं। इनमें लीकेज की समस्या रहती है। वहीं क्षतिग्रस्त लाइनों में बारिश का पानी भरने से घरों में गंदा पानी पहुंचता है।
इससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इसके समाधान के लिए जल निगम 33 पुराने वार्डों में नई पेयजल लाइन बिछाने जा रहा है। पेयजल सप्लाई की मुख्य लाइनों को बदल कर 51.55 किमी नई पाइपलाइन बिछाई जाएंगी। इसके लिए जरूरत के अनुसार 24 से चार इंच तक की लाइनें बिछेंगी। इन लाइनों से लीकेज का समाधान होने पर पेयजल आपूर्ति बेहतर होने की उम्मीद है। इसके लिए जल निगम ने टेंडर जारी कर दिए हैं। तीन नए फिल्टर प्लांट से बढ़ेगी जलापूर्ति पेजयल सप्लाई को बेहतर करने के लिए नई लाइन बिछाए जाने के साथ ही तीन नए फिल्टर प्लांट बनाए जाने प्रस्तावित है। पेयजल की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए गैस गोदाम काठगोदाम में 26 मिलियन लीटर प्रति दिन (एमएलडी), जल संस्थान परिसर शीशमहल में 12 एमएलडी और शीतलाहाट में सात एमएलडी का फिल्टर प्लांट बनाया जाएगा। इनकी मदद से साफ पेयजल मिलने पर पेयजल का संकट कम होने की उम्मीद जताई जा रही है। नए ओवरहेड टैंक का होगा निर्माण पानी की मांग को पूरा करने के लिए जल निगम पांच नए ओवरहेड टैंक का भी निर्माण करने जा रहा है। इसके लिए गैस गोदाम काठगोदाम, जल निगम परिसर नैनीताल रोड, जल संस्थान कार्यालय तिकोनिया, सरस मार्केट और एफटीआई में जगह चिह्नित है। नए ओवरहेड टैंक बनने पर पेयजल की सप्लाई बेहतर होगी। कोट निगम के पुराने वार्डों में नई पाइपलाइन बिछाने के साथ ही फिल्टर प्लांट और ओवरहेड टैंक बनाए जाएंगे। इसके लिए टेंडर जारी किया गया है। प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। अशोक कटारिया, अधिशासी अभियंता जल निगम

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




